Welcome to Ujala Hind   Click to listen highlighted text! Welcome to Ujala Hind
उत्तर प्रदेश

भूकम्प एवं अग्निकांड सुरक्षा पर केडीसी में हुआ मॉक एक्सरसाइज

18 सितंबर। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में स्व. ठाकुर हुकुम सिंह किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय (केडीसी) बहराइच में भूकम्प एवं अग्निकांड जैसी आपदाओं के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया

भूकम्प एवं अग्निकांड सुरक्षा पर केडीसी में हुआ मॉक एक्सरसाइज

 

 

बहराइच ब्यूरो,

18 सितंबर।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में स्व. ठाकुर हुकुम सिंह किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय (केडीसी) बहराइच में भूकम्प एवं अग्निकांड जैसी आपदाओं के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। अभ्यास के दौरान दोपहर करीब 11:10 बजे आपदा परिदृश्य के तहत महाविद्यालय परिसर में अचानक भूकम्प के झटके महसूस होने की स्थिति बनाई गई, जिससे छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हुई, लेकिन सभी ने संयम का परिचय देते हुए पंक्तिबद्ध तरीके से भवन से बाहर निकलकर मैदान में सुरक्षित स्थान पर एकत्रित होकर आपदा प्रबंधन का अभ्यास किया। इसी दौरान महाविद्यालय भवन की दूसरी मंजिल पर आग लगने का कृत्रिम परिदृश्य तैयार किया गया। घटना की सूचना जिला कंट्रोल रूम/इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर को मिलते ही वायरलेस के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को सूचना प्रसारित की गई। सूचना मिलते ही आईआरएस सिस्टम के तहत अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार ने इंसीडेंट कमांडर के रूप में एनडीआरएफ एवं अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही एनडीआरएफ, अग्निशमन एवं पुलिस विभाग की टीमें, आपदा प्रबंधन में दक्ष आपदा मित्र, एनसीसी, एनएसएस तथा चिकित्सा दल एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया। खोज एवं बचाव दलों ने तत्परता से भवन में फंसे व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला। अभ्यास के दौरान घायल व्यक्तियों को चिकित्सा टीम ने मौके पर प्राथमिक उपचार दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को एंबुलेंस से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उपचार शुरू किया। इसी क्रम में सर्वोदय इंटर कॉलेज मिहींपुरवा, हुकुम सिंह इंटर कॉलेज कैसरगंज तथा पं. अशोक मिश्रा स्मारक महाविद्यालय खुटेहना पयागपुर में भी भूकम्प एवं अग्नि सुरक्षा अभ्यास कराया गया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रमपुरवा महसी एवं ठाकुर हुकुम सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज में भूकम्प की स्थिति में खुले स्थान पर फील्ड अस्पताल स्थापित करने का अभ्यास किया गया। श्रावस्ती सहकारी चीनी मिल नानपारा में औद्योगिक रासायनिक हादसों एवं आगजनी से निपटने के लिए भी मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। सभी स्थानों पर संबंधित उप जिलाधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन में मॉक एक्सरसाइज सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!