आईजीआरएस में देवीपाटन मंडल फिर प्रदेश में प्रथम
उत्तर प्रदेश सरकार की एकीकृत शिकायत निवारण प्रण (आईजीआरएस) पोर्टल की जुलाई 2026 रैंकिंग में देवीपाटन मंडल ने एक बार फिर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया

आईजीआरएस में देवीपाटन मंडल फिर प्रदेश में प्रथम
उत्तर प्रदेश सरकार की एकीकृत शिकायत निवारण प्रण (आईजीआरएस) पोर्टल की जुलाई 2026 रैंकिंग में देवीपाटन मंडल ने एक बार फिर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मंडल ने 110 में से 104 अंक हासिल कर 94.55 प्रतिशत सफलता दर दर्ज की। यह लगातार पांचवां माह है जब मंडल शीर्ष प्रदर्शन करने वालों में शामिल रहा है।
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा और बलरामपुर जनपदों में आईजीआरएस शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाती है। प्रत्येक माह अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित मामलों, निस्तारण की गुणवत्ता और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का मूल्यांकन किया जाता है।
उन्होंने बताया कि शिकायतों के वास्तविक समाधान को सुनिश्चित करने के लिए वह स्वयं प्रत्येक माह पांच शिकायतकर्ताओं से फोन पर बातचीत कर फीडबैक लेती हैं। यदि किसी मामले में केवल औपचारिक या कागजी निस्तारण पाया जाता है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाती है। इस व्यवस्था से शिकायत निस्तारण में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
मंडलायुक्त ने बताया कि महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संचालित ‘मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ पहल भी इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार बनी है। इसके माध्यम से महिलाओं की शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे प्रशासन के प्रति उनका विश्वास मजबूत हुआ है।
उन्होंने बताया कि मार्च 2026 में प्रथम, अप्रैल में प्रथम, मई में द्वितीय तथा जून और जुलाई में पुनः प्रथम स्थान प्राप्त कर देवीपाटन मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन का नया रिकॉर्ड बनाया है। मंडलायुक्त ने इस उपलब्धि का श्रेय सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम भावना और जिम्मेदार कार्यशैली को देते हुए कहा कि भविष्य में भी शिकायतों के समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।




