Welcome to Ujala Hind   Click to listen highlighted text! Welcome to Ujala Hind
उत्तर प्रदेश

किशोरियों की हुई जांच

बहराइच 07 सितंबर। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को स्वास्थ्य विभाग और मिलान संस्था के संयुक्त सहयोग से चित्तौरा

किशोरियों की हुई जांच

 

 

 

बहराइच 07 सितंबर। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को स्वास्थ्य विभाग और मिलान संस्था के संयुक्त सहयोग से चित्तौरा

ब्लॉक के 20 उप-स्वास्थ्य केंद्रों पर ‘किशोर स्वास्थ्य कल्याण दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविरों में किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 1,543 किशोरियों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के साथ किशोरियों को आवश्यक दवाएं, आयरन एवं फोलिक एसिड (आईएफए) की गोलियां तथा सेनेटरी पैड वितरित किए गए। स्वास्थ्य कर्मियों ने किशोरियों को पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि शिविरों में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और मिलान संस्था की टीम द्वारा किशोरियों की लंबाई एवं वजन की जांच की गई। इसके आधार पर बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) का आकलन किया गया। किशोरियों में एनीमिया की स्थिति का पता लगाने के लिए हीमोग्लोबिन की जांच भी की गई। जिन किशोरियों को जरूरत थी, उन्हें आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियां उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील पड़ाव होता है। इस उम्र में शरीर में तेजी से बदलाव होते हैं और किशोरियों को अतिरिक्त पोषण एवं स्वास्थ्य देखभाल की आवश्यकता होती है। संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता संबंधी आदतों को अपनाकर कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली प्रत्येक किशोरी तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एवं सही जानकारी पहुंचाई जाए। आरकेएसके के जिला सलाहकार राकेश गुप्ता ने बताया कि ‘किशोर स्वास्थ्य कल्याण दिवस’ का प्रमुख उद्देश्य किशोरियों को अपने स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर बिना किसी झिझक के बात करने के लिए प्रोत्साहित करना है। अक्सर किशोरियां एनीमिया, मासिक धर्म, पोषण अथवा व्यक्तिगत स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं को संकोच के कारण किसी से साझा नहीं कर पाती हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं को समझने और उचित परामर्श देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर में 1,543 किशोरियों की सहभागिता ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ने का सकारात्मक संकेत है। उन्होंने बताया कि आगामी 24 सितंबर को जनपद के अन्य विकास खंडों के उप-स्वास्थ्य केंद्रों पर भी इसी प्रकार के विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक किशोरियों तक स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की सुविधा पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। दामोदर जोत उप-स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित शिविर में मिलान संस्था की प्रतिनिधि इपशा ने किशोरियों के साथ मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म महिलाओं और किशोरियों के जीवन की स्वाभाविक जैविक प्रक्रिया है। इसे लेकर किसी प्रकार की शर्म या संकोच करने की आवश्यकता नहीं है। मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना जरूरी है, जिससे संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से बचा जा सके। उन्होंने किशोरियों को सेनेटरी पैड के सही इस्तेमाल, उसे नियमित अंतराल पर बदलने तथा इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण की जानकारी दी। साथ ही हाथों की सफाई, व्यक्तिगत स्वच्छता और साफ पानी के उपयोग के महत्व के बारे में बताया गया। किशोरियों को यह भी जानकारी दी गई कि मासिक धर्म के दौरान किसी भी असामान्य परेशानी, अत्यधिक रक्तस्राव या अन्य स्वास्थ्य समस्या होने पर स्वास्थ्य कर्मियों से सलाह लेने में संकोच नहीं करना चाहिए। शिविर में किशोरियों को पोषण के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि शरीर में खून की कमी यानी एनीमिया किशोरियों में एक आम समस्या है। इससे बचने के लिए आयरन युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए। हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, चना, गुड़ तथा अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने की सलाह दी गई। इसके साथ ही आईएफए की गोलियों का नियमित सेवन करने के लिए भी प्रेरित किया गया। मिलान संस्था की श्रुति सहित संबंधित क्षेत्रों की एएनएम, आशा कार्यकत्रियां, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारी शिविरों में मौजूद रहे। स्वास्थ्य कर्मियों ने किशोरियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। आयोजन के दौरान किशोरियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ उन्हें अपनी सेहत को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया गया। चित्र संख्या 00 से 00 तक

फोटो कैप्शन: चित्तौरा ब्लॉक के दामोदर जोत उप-स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित किशोर स्वास्थ्य कल्याण दिवस में किशोरियों की स्वास्थ्य जांच करते स्वास्थ्यकर्मी एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देती मिलान संस्था की प्रतिनिधि।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!