मतदेय स्थल प्रस्ताव को लेकर डीएम ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक
बहराइच ब्यूरो 21 सितम्बर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के अन्तर्गत गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के संभावित निर्वाचन-2026 के लिए मतदेय स्थल प्रस्ताव के संबंध में रविवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक

मतदेय स्थल प्रस्ताव को लेकर डीएम ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक
बहराइच ब्यूरो
21 सितम्बर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के अन्तर्गत गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के संभावित निर्वाचन-2026 के लिए मतदेय स्थल प्रस्ताव के संबंध में रविवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अन्तर्गत जनपद बहराइच में वर्तमान में कुल 1358 मतदाताओं के लिए सात मतदेय स्थल/मतदान केन्द्र स्थापित हैं। इनमें क्षेत्र पंचायत भवन मिहींपुरवा, तहसील भवन नानपारा, क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन महसी, क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन रिसिया, तहसील कार्यालय भवन बहराइच, तहसील कार्यालय भवन कैसरगंज तथा तहसील कार्यालय भवन पयागपुर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सभी मतदेय स्थल तहसील एवं खण्ड विकास कार्यालयों में स्थापित हैं तथा वहां आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदेय स्थलों के संबंध में सुझाव अथवा आपत्ति लिखित रूप में प्रस्तुत करने को कहा, ताकि आवश्यकतानुसार भौतिक सत्यापन कर मतदेय स्थल का प्रस्ताव भेजा जा सके। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बताया कि पूर्व निर्धारित मतदेय स्थलों पर लंबे समय से शिक्षक निर्वाचन होता चला आ रहा है और मतदाताओं की संख्या भी कम है, इसलिए किसी प्रकार के सुझाव अथवा आपत्ति की आवश्यकता नहीं है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि समस्त मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं (एएमएफ) की उपलब्धता के संबंध में आख्या उपलब्ध कराएं। वहीं अस्थायी स्ट्रांग रूम के चिन्हांकन के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को निर्देश दिए गए। बैठक का संचालन अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार ने किया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जफर उल्ला खां, भाजपा जिला महामंत्री सुनील श्रीवास्तव, इंडियन नेशनल कांग्रेस के कार्यालय सचिव सुहेब अहमद, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष फिरोज हैदर तथा जीजीआईसी काजीपुरा के प्रधानाचार्य पंकज कुमार पाण्डेय मौजूद रहे।




