नहर पटरी पर पेड़ों की कटान, लकड़ी चोरों के हौसले बुलंद
विशेश्वरगंज/बहराइच। सरयू नहर खंड-द्वितीय की इटियाथोक शाखा के किनारे लगे सरकारी पेड़ इन दिनों लकड़ी चोरों के निशाने पर हैं।

नहर पटरी पर पेड़ों की कटान, लकड़ी चोरों के हौसले बुलंद
विशेश्वरगंज/बहराइच। सरयू नहर खंड-द्वितीय की इटियाथोक शाखा के किनारे लगे सरकारी पेड़ इन दिनों लकड़ी चोरों के निशाने पर हैं। नहर पटरी के अलग-अलग स्थानों पर चोरों ने शीशम और यूकेलिप्टस के कई पेड़ों को काटकर उनकी अधिकांश लकड़ी गायब कर दी। एक साथ कई स्थानों पर पेड़ों की कटान सामने आने से नहर विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। मामले में नहर विभाग के अवर अभियंता ने संबंधित थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार कुशभवना-धमशीडिहवा गांव के पास नहर पटरी पर लगे शीशम के दो पेड़ काटे गए हैं। वहीं पुरैनाबाजार-सुजानडीह के पास यूकेलिप्टस के पांच तथा राजापुरवा के पास तीन पेड़ों को काटे जाने की जानकारी सामने आई है। इस तरह अलग-अलग स्थानों पर शीशम के दो और यूकेलिप्टस के आठ पेड़ों की कटान हुई है। पेड़ काटने के बाद लकड़ी चोर अधिकांश लकड़ी मौके से उठा ले गए, जबकि घटनास्थल पर यूकेलिप्टस की करीब 50 वोटें पड़ी मिलीं।
नहर पटरी पर सरकारी संपत्ति के रूप में लगे पेड़ों की इस तरह लगातार कटान से विभागीय निगरानी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि लकड़ी चोरों ने पेड़ों को काटने के बाद बड़ी मात्रा में लकड़ी मौके से बाहर भी पहुंचाई होगी। इसके बावजूद विभागीय स्तर पर समय रहते इसकी जानकारी नहीं हो सकी। पेड़ों की कटान कब हुई और काटी गई लकड़ी को कहां ले जाया गया, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पेड़ों की कटान की सूचना मिलने पर नहर विभाग के अवर अभियंता सत्यम शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अलग-अलग स्थानों पर पेड़ों के कटे होने की स्थिति सामने आई। इसके बाद अवर अभियंता की ओर से संबंधित थाने में तहरीर देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
जेई को भेजकर कराई गई जांच
नहर विभाग के एसडीओ सद्दाम हुसैन ने बताया कि पेड़ों की कटान की जानकारी मिलने पर अवर अभियंता को मौके पर भेजकर जांच कराई गई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई कराई जा रही है।
वहीं विशेश्वरगंज थानाध्यक्ष संदीप द्विवेदी ने बताया कि नहर विभाग की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।




