स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन ने नवागत जिलाधिकारी को स्मारिका भेंट कर 1857 के अमर शहीद बलभद्र सिंह की प्रतिमा व पुस्तकालय निर्माण की मांग उठाई
बहराइच 16 सितंबर। जनपद बहराइच के नवागत जिलाधिकारी से बुधवार को अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन जिला इकाई बहराइच के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन ने नवागत जिलाधिकारी को स्मारिका भेंट कर 1857 के अमर शहीद बलभद्र सिंह की प्रतिमा व पुस्तकालय निर्माण की मांग उठाई
बहराइच 16 सितंबर। जनपद बहराइच के नवागत जिलाधिकारी से बुधवार को अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन जिला इकाई बहराइच के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संगठन के संरक्षक अनिल त्रिपाठी, विशेष कार्याधिकारी भानु प्रताप द्विवेदी एडवोकेट, महामंत्री राजू मिश्र उर्फ मुन्ना भैया तथा चहलारी नरेश बलभद्र सिंह के वंशज एवं संयुक्त महामंत्री आदित्य भान सिंह ने संगठन की ओर से प्रकाशित स्मारिका जिलाधिकारी को सप्रेम भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने नवागत जिलाधिकारी को बहराइच का जिलाधिकारी बनाए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति हार्दिक शुभकामनाएं व्यक्त कीं। भेंट के दौरान संगठन पदाधिकारियों ने जिले में देश की आजादी के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857-58 के अमर शहीद चहलारी नरेश बलभद्र सिंह की आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने के साथ ही पुस्तकालय एवं वाचनालय का निर्माण कराए जाने की मांग प्रमुखता से रखी। संगठन की ओर से बताया गया कि इस संबंध में पूर्व में भी जिलाधिकारी को पत्र प्रेषित किया जा चुका है। प्रतिनिधिमंडल ने उक्त पत्र पर प्रभावी एवं कृत संकल्पित कार्यवाही किए जाने का अनुरोध करते हुए कहा कि अमर शहीद बलभद्र सिंह की स्मृति को संरक्षित करना आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। संगठन पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आग्रह किया। इस संबंध में जिलाधिकारी की मंशा सकारात्मक रही और उन्होंने प्रस्तावित कार्य के प्रति सकारात्मक रुख व्यक्त किया। संगठन के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन के सहयोग से अमर शहीद बलभद्र सिंह की स्मृति में प्रतिमा, पुस्तकालय एवं वाचनालय निर्माण की दिशा में शीघ्र ठोस पहल होगी।




