यातायात नियमों के उल्लंघन पर 460 वाहनों के चालान, 6.47 लाख रुपये जुर्माना
बहराइच ब्यूरो 30 अगस्त। पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर जनपद में सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया

यातायात नियमों के उल्लंघन पर 460 वाहनों के चालान, 6.47 लाख रुपये जुर्माना
बहराइच ब्यूरो 30 अगस्त।
पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर जनपद में सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री आयुष विक्रम सिंह तथा क्षेत्राधिकारी यातायात श्री राज सिंह के कुशल नेतृत्व में 29 अगस्त को प्रभारी निरीक्षक यातायात रामप्रकाश के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बस, चार पहिया, तीन पहिया और दो पहिया वाहनों की गहन जांच की गई। यातायात पुलिस एवं नागरिक पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई कार्रवाई में कुल 460 वाहनों के चालान किए गए तथा वाहन चालकों पर 6,47,100 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। चेकिंग के दौरान दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर यात्रा करने वाले चालकों के विरुद्ध 38 चालान तथा तेज गति से वाहन चलाने के मामले में 74 चालान किए गए। इसके साथ ही जनपद में संचालित स्कूली वाहनों की भी विभिन्न बिंदुओं पर जांच की गई और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित ढंग से वाहन चलाने की हिदायत दी गई। हाईवे पर सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाते हुए उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर चेकिंग एवं जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।




