नानपारा-शिवपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, लेखपाल मनीष कुमार व अनुज श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल
तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कार में मारी जोरदार टक्कर, हादसे के बाद चालक मौके से फरार

नानपारा-शिवपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, लेखपाल मनीष कुमार व अनुज श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल
तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कार में मारी जोरदार टक्कर, हादसे के बाद चालक मौके से फरार
नानपारा/बहराइच, उ०प्र०। नानपारा-शिवपुर मार्ग पर रविवार रात करीब 11:30 बजे पांच नंबर पुल के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने नानपारा तहसील में तैनात लेखपाल मनीष कुमार की कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लेखपाल मनीष कुमार और उनके साथी अनुज श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लेखपाल मनीष कुमार अपने साथी अनुज श्रीवास्तव के साथ इमामगंज की ओर से नानपारा आ रहे थे। इसी दौरान नानपारा-शिवपुर मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी कार संख्या यूपी 32/007997 में जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुई इस भिड़ंत से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे दोनों घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
हादसे में अनुज श्रीवास्तव के पैर में गंभीर चोट आने की जानकारी मिली है। वहीं लेखपाल मनीष कुमार को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है।
रात के समय हुए इस हादसे से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पर चिंता जताते हुए यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की आवश्यकता बताई।




