रोजगार मेले में 536 अभ्यर्थियों का चयन, विधायक नानपारा ने बांटे नियुक्ति पत्र
बहराइच ब्यूरो 08 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा विधानसभा क्षेत्र नानपारा के लार्ड बुद्धा पी.जी. कॉलेज, रूपईडीहा में विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया

रोजगार मेले में 536 अभ्यर्थियों का चयन, विधायक नानपारा ने बांटे नियुक्ति पत्र
बहराइच ब्यूरो 08 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा विधानसभा क्षेत्र नानपारा के लार्ड बुद्धा पी.जी. कॉलेज, रूपईडीहा में विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक नानपारा राम निवास वर्मा ने कॉलेज प्रबंधक एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. हरिश्चन्द्र सहित अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। विधायक राम निवास वर्मा ने अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास से छोटे उद्योग भी बड़े उद्योगों और प्रतिष्ठानों का रूप ले सकते हैं। उन्होंने युवाओं से सेवायोजन विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील करते हुए कहा कि इससे रोजगार के अवसर प्राप्त करने में सुविधा होगी। उन्होंने विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं को निजी एजेंसियों के माध्यम से जाने के बजाय सेवायोजन विभाग से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 19 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिनके प्रतिनिधियों ने एक हजार से अधिक अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। साक्षात्कार के बाद 536 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक राम निवास वर्मा ने अन्य अतिथियों के साथ चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विशिष्ट अतिथि डॉ. हरिश्चन्द्र ने रोजगार मेले की सराहना करते हुए युवाओं से प्रतिभागी कंपनियों के संबंध में पूरी जानकारी प्राप्त करने तथा अपना रिज्यूम जमा कर रोजगार के अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने रोजगार मेले के उद्देश्य, प्रतिभागी नियोजकों तथा विभागीय पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी और सभी अतिथियों, कंपनियों, अभ्यर्थियों तथा उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन ए.पी. श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर लार्ड बुद्धा पी.जी. कॉलेज के यशपाल सिंह, डॉ. तारिक, वरिष्ठ शिक्षक मनीराम शर्मा सहित गणमान्य नागरिक, बड़ी संख्या में अभ्यर्थी एवं उनके अभिभावक तथा सेवायोजन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




