पं. सच्चिदानंद इंटर कॉलेज में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन, विद्यार्थियों ने शिक्षकों का किया सम्मान

पं. सच्चिदानंद इंटर कॉलेज में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन, विद्यार्थियों ने शिक्षकों का किया सम्मान
मिहींपुरवा,बहराइच
05 सितंबर
तहसील मिहींपुरवा क्षेत्र के सेमरी बाजार स्थित पं. सच्चिदानंद इंटर कॉलेज में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। महान शिक्षाविद, प्रखर वक्ता एवं भारत रत्न से सम्मानित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को बैज लगाकर सम्मानित किया तथा पुरस्कार एवं मिष्ठान भेंट कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य राहुल मिश्र ने फीता काटकर किया। इसके पश्चात डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। प्रधानाचार्य सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों ने केक काटकर उनकी जयंती मनाई। इस अवसर पर शिक्षक प्रेम सागर यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक जीवन में सही दिशा दिखाने वाला मार्गदर्शक होता है। विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों का सदैव सम्मान करते हुए अनुशासन, परिश्रम और सदाचार को जीवन का आधार बनाना चाहिए। शिक्षक मोहम्मद जमील कुरैशी ने कहा कि शिक्षक वह दीपक है, जो स्वयं जलकर दूसरों के जीवन में प्रकाश भरता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ संस्कार, नैतिक मूल्य और कर्तव्यबोध प्रदान कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य राहुल मिश्र ने कहा कि बच्चे कच्ची मिट्टी के समान होते हैं, जिन्हें शिक्षक ज्ञान और संस्कार के माध्यम से श्रेष्ठ व्यक्तित्व प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम एवं सदाचार के मार्ग पर चलकर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने की अपील की। समारोह में विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मोहम्मद जमील कुरैशी ने किया। इस अवसर पर राम प्रकाश, प्रेम सागर, मोहम्मद जमील कुरैशी, नरेंद्र प्रताप, सत्यम पाल, सुचिता मिश्रा, रोहिणी गुप्ता, मधु वर्मा, सृष्टि, रेशु सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




