उर्रा में सड़क बनी तालाब, जलभराव से ग्रामीण और स्कूली बच्चे परेशान
मिहींपुरवा बहराइच ब्यूरो। विकासखंड मिहींपुरवा अंतर्गत ग्राम पंचायत उर्रा में विकास कार्यों की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। गांव में बुद्धि लाल मौर्य की दुकान से अनवर की दुकान के बीच जाने वाली सड़क पर गंदा पानी भरा होने के कारण मार्ग तालाब में तब्दील हो गया

उर्रा में सड़क बनी तालाब, जलभराव से ग्रामीण और स्कूली बच्चे परेशान
मिहींपुरवा बहराइच ब्यूरो।
विकासखंड मिहींपुरवा अंतर्गत ग्राम पंचायत उर्रा में विकास कार्यों की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। गांव में बुद्धि लाल मौर्य की दुकान से अनवर की दुकान के बीच जाने वाली सड़क पर गंदा पानी भरा होने के कारण मार्ग तालाब में तब्दील हो गया है। जलभराव के बीच से होकर संविलियन विद्यालय, गायत्री शिशु मंदिर तथा राजकीय विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं के साथ ही आम नागरिकों को आवागमन करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद सड़क पर जलभराव की स्थिति और गंभीर हो गई है। स्कूली बच्चों को मजबूरी में गंदे पानी से होकर विद्यालय जाना पड़ रहा है, जिससे उनके कपड़े खराब होने के साथ ही फिसलने और संक्रमण का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि गांव की मूलभूत समस्याओं के समाधान की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान विकास कार्यों के बजाय धन उगाही में लगे रहते हैं और विकास कार्यों से उनका कोई सरोकार नहीं है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के पूरे पंचवर्षीय कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों एवं सरकारी धन के खर्च की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर सड़क से जलभराव हटवाने, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने तथा समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। इस संबंध में जब ग्राम विकास अधिकारी से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया, जिससे विभागीय स्तर पर जिम्मेदारों का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे। फिलहाल ग्राम पंचायत उर्रा में सड़क पर भरे गंदे पानी के कारण ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा ग्रामीणों में ग्राम प्रधान एवं जिम्मेदार अधिकारियों के प्रति आक्रोश व्याप्त है।




