Welcome to Ujala Hind   Click to listen highlighted text! Welcome to Ujala Hind
उत्तर प्रदेश

राखियों से सजा प्रधान का आंगन, बहनों ने बांधा स्नेह का रक्षा सूत्र

मिहींपुरवा बहराइच ब्यूरो 28 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व पर ग्राम पंचायत करमोहना के ग्राम प्रधान सिराजुल हक के अंगनी गांव स्थित आवास पर भाई-बहन के स्नेह और सामाजिक सौहार्द का अनूठा नजारा देखने को मिला

राखियों से सजा प्रधान का आंगन, बहनों ने बांधा स्नेह का रक्षा सूत्र

 

 

मिहींपुरवा बहराइच ब्यूरो 28 अगस्त।

रक्षाबंधन पर्व पर ग्राम पंचायत करमोहना के ग्राम प्रधान सिराजुल हक के अंगनी गांव स्थित आवास पर भाई-बहन के स्नेह और सामाजिक सौहार्द का अनूठा नजारा देखने को मिला। ग्राम पंचायत सहित आसपास के गांवों से पहुंचीं सैकड़ों महिलाओं ने ग्राम प्रधान को राखी बांधकर उनकी सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की। इसके बाद ग्राम प्रधान ने बहनों को साड़ी, मिठाई एवं अन्य उपहार भेंटकर सम्मानित किया। रक्षाबंधन को लेकर सुबह से ही प्रधान के आवास पर महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। महिलाएं पूजा की थाली सजाकर वहां पहुंचीं और विधि-विधान से आरती व तिलक करने के बाद सिराजुल हक की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। राखी बंधवाने के बाद प्रधान ने सभी बहनों का आभार जताते हुए उन्हें उपहार प्रदान किए। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान के ज्येष्ठ पुत्र फजल ने भी महिलाओं के साथ पहुंचीं बच्चियों से राखी बंधवाई। उन्होंने बच्चियों को सूट एवं नगद धनराशि देकर उनका उत्साह बढ़ाया। उपहार पाकर महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया। प्रधान के परिवार के सदस्यों ने भी कार्यक्रम में मौजूद रहकर आने वाली बहनों का स्वागत किया। ग्राम प्रधान सिराजुल हक ने बताया कि बहनों से राखी बंधवाने की यह परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है। करीब 15 वर्षों से रक्षाबंधन का आयोजन बड़े स्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत करमोहना में 14 छोटे-बड़े मजरे हैं और लगभग सभी गांवों से बहनें उन्हें राखी बांधने के लिए पहुंचती हैं। किसी कारणवश जो महिलाएं उनके आवास पर नहीं आ पातीं, उनके गांव जाकर भी सामूहिक रूप से राखी बंधवाने की परंपरा निभाई जाती है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने के साथ ही समाज में प्रेम, भाईचारा और आपसी सौहार्द बढ़ाने का पर्व है। उनका प्रयास रहता है कि क्षेत्र की बहनों को इस दिन सम्मान और परिवार जैसा अपनापन मिले। उन्होंने भविष्य में भी इस परंपरा को जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने ग्राम प्रधान के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि रक्षाबंधन पर बहनों को सम्मान और उपहार दिए जाने से सामाजिक रिश्तों में और मजबूती आती है। पूरे आयोजन के दौरान उत्सव जैसा माहौल रहा और महिलाओं ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!