रक्षाबंधन पर महिलाओं को योगी सरकार की बड़ी सौगात, 27 से 29 अगस्त तक निःशुल्क बस यात्रा
बहराइच ब्यूरो 26 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए 27, 28 एवं 29 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की

रक्षाबंधन पर महिलाओं को योगी सरकार की बड़ी सौगात, 27 से 29 अगस्त तक निःशुल्क बस यात्रा
बहराइच ब्यूरो 26 अगस्त।
रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए 27, 28 एवं 29 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इसके साथ ही 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए भी निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस जनकल्याणकारी पहल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जूपिटर हॉल में आयोजित समारोह में ‘‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’’ का शुभारम्भ करते हुए विशेष बसों को फ्लैग-ऑफ कर मूर्त रूप दिया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का बहराइच में उत्थान ऑडिटोरियम में सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्यमंत्री, नगर विकास, बहराइच शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार श्री राकेश कुमार राठौर ‘गुरू जी’, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक सदर अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि अशोक जायसवाल, भाजपा कार्यकर्ता राघवेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महिलाएं एवं आमजन मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री श्री राकेश कुमार राठौर ‘गुरू जी’ ने कहा कि रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बहनों को अपने भाइयों एवं परिजनों के घर सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक तरीके से पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा से महिलाओं को आवागमन में राहत मिलने के साथ ही उनके ऊपर पड़ने वाले आर्थिक भार में भी कमी आएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, सुविधा और सशक्तीकरण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की महिला हितैषी सोच का परिचायक है। सरकार का उद्देश्य है कि पर्व के दौरान किसी भी महिला को आवागमन के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े और वह अपने मायके तथा परिजनों के बीच पहुंचकर रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मना सके।
राज्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निःशुल्क बसों का संचालन व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जाए। यात्रा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ महिलाओं के लिए भी निःशुल्क यात्रा की सुविधा शुरू किए जाने से 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिला यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा तथा उन्हें आवागमन के खर्च से आर्थिक राहत प्राप्त होगी।
कार्यक्रम में बताया गया कि रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर 27, 28 एवं 29 अगस्त को प्रदेश की सभी महिलाएं उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। सरकार की इस पहल से बड़ी संख्या में महिलाओं को अपने मायके, भाइयों एवं अन्य परिजनों के घर पहुंचने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
समारोह के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ‘‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’’ को महिलाओं के लिए सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। वक्ताओं ने कहा कि पर्व के अवसर पर निःशुल्क यात्रा की सुविधा महिलाओं को आवागमन में सहूलियत देने के साथ ही महिला सम्मान एवं सशक्तीकरण की भावना को भी मजबूत करेगी।
रक्षाबंधन पर्व की खुशियों को और बढ़ाते हुए समारोह में उपस्थित महिलाओं को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा साड़ी तथा मिष्ठान का वितरण किया गया। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री श्री राठौर ने उपस्थित महिलाओं को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सरकार की ओर से दी गई इस सौगात का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक एवं कवि संतोष सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी राज कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार, एआरएम ज्ञान चन्द्र सहित अन्य अधिकारी, परिवहन विभाग के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
फोटो कैप्शन: उत्थान ऑडिटोरियम बहराइच में रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखते जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी।




