10 महीने से पुलिस को चकमा दे रहा था 25 हजार का इनामी गैंगस्टर: बलरामपुर में घेराबंदी कर गोंडा पुलिस ने दबोचा
गोंडा पुलिस ने गौ-तस्करी के मामले में करीब 10 महीने से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर मुमताज को गिरफ्तार कर लिया है। धानेपुर पुलिस ने शनिवार दोपहर करीब 3 बजे बलरामपुर के शुक्लागंज बाजार के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुमताज पुत्र लिल्लाही, निवासी मेंदईया गांव, जनपद बलरामपुर के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे गोंडा लेकर आई और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
10 महीने से पुलिस को दे रहा था चकमा
पुलिस के अनुसार, मुमताज 19 सितंबर 2025 से गैंगस्टर एक्ट के मामले में फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय की ओर से 82 सीआरपीसी की कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन वह लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर रहा।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। धानेपुर पुलिस के साथ गोंडा एसओजी और सर्विलांस टीम को भी उसकी तलाश में लगाया गया था।
गौ-तस्करी और चोरी के गिरोह का आरोप
पुलिस के मुताबिक, मुमताज पर अपने साथियों रईश अहमद, हनीफ, शाद आलम, मुन्ना खां और हजरत के साथ मिलकर गौ-तस्करी और चोरी का गिरोह चलाने का आरोप है। सभी के खिलाफ धानेपुर थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
धानेपुर पुलिस ने आरोपी की तलाश में बलरामपुर स्थित उसके घर समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी थी, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था।
धानेपुर थाना प्रभारी विपुल पांडेय ने बताया कि मुमताज करीब 10 महीने से गैंगस्टर एक्ट के मामले में फरार था। 25 हजार रुपये का इनाम घोषित होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। शनिवार को उसे शुक्लागंज बाजार से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।