80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले लाभार्थियों के लिए मोटराइज्ड ट्राई-साइकिल परीक्षण शिविर, 126 दिव्यांगों का हुआ पंजीकरण
विकासखंड बलहा परिसर में मंगलवार को 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राई-साइकिल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परीक्षण एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया।

80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले लाभार्थियों के लिए मोटराइज्ड ट्राई-साइकिल परीक्षण शिविर, 126 दिव्यांगों का हुआ पंजीकरण
हरगोविंद पांडे ब्यूरो उजाला हिंदी चैनल बहराइच
बहराइच, 04 अगस्त।
विकासखंड बलहा परिसर में मंगलवार को 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राई-साइकिल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परीक्षण एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भारत सरकार के उपक्रम एलिम्को (कानपुर) की विशेषज्ञ टीम ने 126 दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उनका पंजीकरण किया। परीक्षण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्धारित समयावधि में पात्र दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राई-साइकिल वितरित की जाएगी।
जिला प्रशासन के सहयोग से जनपद में 03 अगस्त से 08 अगस्त 2026 तक विभिन्न विकासखंड परिसरों में ऐसे परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य पात्र दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राई-साइकिल योजना का लाभ प्रदान करना है। इसी क्रम में 05 अगस्त 2026 को विकासखंड महसी परिसर में भी परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी डॉ. अजीत कुमार ने जनपद के समस्त पात्र दिव्यांगजनों तथा उनके हित में कार्यरत संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने क्षेत्र के शिविर में आवश्यक अभिलेखों, जिनमें आधार कार्ड, 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता प्रमाण पत्र, गरीबी रेखा संबंधी आय प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं, के साथ उपस्थित होकर योजना का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि पात्र दिव्यांगजनों को सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना से जोड़ने के लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है।




