अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ इंग्लिश लैंग्वेज में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
राष्ट्रीय साइबर जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ इंग्लिश लैंग्वेज, बहराइच में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ इंग्लिश लैंग्वेज में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
हरि गोविंद पांडे ब्यूरो उजाला हिंद ऑनलाइन न्यूज़ बहराइच
बहराइच, 05 अगस्त।
राष्ट्रीय साइबर जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ इंग्लिश लैंग्वेज, बहराइच में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री दुर्गा प्रसाद तिवारी के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर श्री नारायण दत्त मिश्रा के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में करीब 80 से 100 छात्र-छात्राओं सहित अन्य लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को मोबाइल फोन एवं सोशल मीडिया खातों को टू-स्टेप वेरिफिकेशन के माध्यम से सुरक्षित रखने, मोबाइल में इंस्टॉल महत्वपूर्ण एप्लीकेशन पर मजबूत पासवर्ड लगाने तथा मोबाइल पर प्राप्त होने वाले संदिग्ध लिंक और एपीके (APK) फाइलों से सावधान रहने की सलाह दी गई। इसके अलावा डिजिटल अरेस्ट सहित विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों की कार्यप्रणाली और उनसे बचाव के प्रभावी उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी देकर लोगों को सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या लालच भरे संदेश पर विश्वास न करें तथा किसी भी स्थिति में अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत गोपनीय जानकारी साझा न करें। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी की घटना होती है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराकर समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक पुनीत सिंह, उपनिरीक्षक शिवम पाण्डेय एवं महिला आरक्षी रीना शुक्ला ने भी साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।




