ईमानदारी की मिसाल: सड़क हादसे के बाद गिरे ढाई लाख रुपये पुलिस ने सकुशल लौटाए
मिहींपुरवा/बहराइच। मोतीपुर थाना क्षेत्र की जालिमनगर चौकी पुलिस ने ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना के दौरान गिरे ढाई लाख रुपये उसके वास्तविक मालिक को वापस सौंपकर सराहनीय कार्य किया

ईमानदारी की मिसाल: सड़क हादसे के बाद गिरे ढाई लाख रुपये पुलिस ने सकुशल लौटाए
मिहींपुरवा/बहराइच।
मोतीपुर थाना क्षेत्र की जालिमनगर चौकी पुलिस ने ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना के दौरान गिरे ढाई लाख रुपये उसके वास्तविक मालिक को वापस सौंपकर सराहनीय कार्य किया। पुलिस के इस कार्य की क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है।
रविवार को संदीप कुमार (32) पुत्र अर्जुन लाल निवासी उर्रा बाजार, थाना मोतीपुर, जनपद बहराइच नानपारा मंडी में कृषि उपज (केला) बेचकर प्राप्त धनराशि तथा पूर्व की बकाया रकम सहित कुल 2.50 लाख रुपये लेकर वापस लौट रहे थे। खैरापुरवा के पास बहराइच-लखीमपुर मुख्य मार्ग पर उनकी पिकअप संख्या UP31AT 0174 और मोटरसाइकिल संख्या UP31CR 3257 की दुर्घटना हो गई। हादसे के बाद मची अफरा-तफरी में उनके नाना छत्रपाल मौर्य पुत्र सूरत प्रसाद निवासी गुलहरिपुरवा, थाना निघासन, जनपद खीरी के रखे हुए 2.50 लाख रुपये घटनास्थल के आसपास गिर गए।
सूचना मिलने पर जालिमनगर चौकी प्रभारी बेचू प्रसाद गौड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोतीपुर भिजवाया और यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। इसी दौरान घटनास्थल पर गिरी हुई धनराशि पुलिस को मिली। आवश्यक पुष्टि के बाद पुलिस ने पूरे 2.50 लाख रुपये सुरक्षित रूप से उनके वास्तविक मालिक को सुपुर्द कर दिए।
इस सराहनीय कार्य के दौरान चौकी प्रभारी बेचू प्रसाद गौड़ के साथ हेड कांस्टेबल रजनीश कुमार, हेड कांस्टेबल विजय यादव, हेड कांस्टेबल श्यामसुंदर, हेड कांस्टेबल राजेश गिरी, कांस्टेबल विकास गौड़, कांस्टेबल अभिषेक कुमार मौर्य तथा कांस्टेबल आलोक सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की ईमानदारी और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए इसे पुलिस की जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।




