Welcome to Ujala Hind   Click to listen highlighted text! Welcome to Ujala Hind
उत्तर प्रदेश

एसएसबी और पत्रकारों के बीच हुआ संवाद, रूपईडीहा नेपाल सीमा की व्यवस्थाओं में सुधार के सुझाव।

समन्वय बैठक में जांच प्रक्रिया सरल करने, पेयजल व्यवस्था और नेपाली नागरिकों के साथ बेहतर व्यवहार पर हुई चर्चा।

एसएसबी और पत्रकारों के बीच हुआ संवाद, रूपईडीहा नेपाल सीमा की व्यवस्थाओं में सुधार के सुझाव।

 

समन्वय बैठक में जांच प्रक्रिया सरल करने, पेयजल व्यवस्था और नेपाली नागरिकों के साथ बेहतर व्यवहार पर हुई चर्चा।

 

संवाददाता वसीम अहमद

 

रुपईडीहा, 22 अगस्त। 42वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की रुपईडीहा बीओपी पर शनिवार को प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत-नेपाल सीमा पर आवागमन, जांच प्रक्रिया, आम नागरिकों की सुविधाओं और सीमा पर तैनात जवानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक का उद्देश्य एसएसबी अधिकारियों, जवानों और मीडिया कर्मियों के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करना रहा।

 

बैठक में जिला मुख्यालय से आए पत्रकारों के साथ रुपईडीहा क्षेत्र के पत्रकारों ने भी सहभागिता की। पत्रकारों ने सीमा पर आने-जाने वाले लोगों की समस्याओं और जांच व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दे एसएसबी अधिकारियों के सामने रखे।

 

हिंदुस्तान के वरिष्ठ पत्रकार मनीराम शर्मा ने सीमा पर आने-जाने वाले लोगों के साथ जवानों द्वारा किए जा रहे कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सीमा पर सुरक्षा जांच आवश्यक है, लेकिन जांच के दौरान आम लोगों के साथ व्यवहार सहज और सम्मानजनक होना चाहिए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

पत्रकार अमित कौशल ने सीमा पर आने-जाने वाले लोगों के लिए जांच प्रक्रिया को सरल बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था से समझौता किए बिना जांच की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

 

सीमांचल पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एसके मडेसिया ने भी बैठक में महत्वपूर्ण सुझाव रखे। उन्होंने रुपईडीहा बीओपी और सीमा पर ड्यूटी करने वाले एसएसबी जवानों के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था कराने का सुझाव दिया। साथ ही भारत-नेपाल सीमा से आने-जाने वाले नेपाली नागरिकों के लिए भी पीने के पानी की व्यवस्था किए जाने की बात रखी। उन्होंने कहा कि सीमा पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, ऐसे में जवानों और यात्रियों के लिए पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध होना जरूरी है।

 

पत्रकारों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों और सुझावों पर 42वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट जीसी पांडे ने विस्तार से चर्चा की। उन्होंने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित बिंदुओं पर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। कमांडेंट ने कहा कि सीमा की सुरक्षा के साथ आम नागरिकों की सुविधा और बेहतर व्यवहार पर भी ध्यान दिया जाना जरूरी है।

 

कमांडेंट जीसी पांडे ने कहा, “नेपाली नागरिक हमारे मेहमान हैं।” उन्होंने सीमा पर आने-जाने वाले लोगों के साथ बेहतर व्यवहार और आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एसएसबी और मीडिया के बीच लगातार संवाद रहने से सीमा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को बेहतर तरीके से समझने और उनके समाधान में मदद मिलेगी।

 

बैठक के अंत में कमांडेंट जीसी पांडे ने जिला मुख्यालय से आए पत्रकारों और रुपईडीहा क्षेत्र के सभी पत्रकारों का बैठक में शामिल होने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की समन्वय बैठकें मीडिया कर्मियों और एसएसबी जवानों के बीच संवाद को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। आगे भी बेहतर समन्वय के लिए इस प्रकार के संवाद जारी रखे जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!