बिजली समस्याओं को लेकर चार दिन से जारी अनशन प्रशासन के आश्वासन पर समाप्त
मिहींपुरवा बहराइच ब्यूरो 02 सितंबर। बलहा विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चार दिनों से चल रहा आमरण अनशन बुधवार को प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया।

बिजली समस्याओं को लेकर चार दिन से जारी अनशन प्रशासन के आश्वासन पर समाप्त
मिहींपुरवा बहराइच ब्यूरो 02 सितंबर।
बलहा विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चार दिनों से चल रहा आमरण अनशन बुधवार को प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। उप जिलाधिकारी मिहींपुरवा मोनालिसा जौहरी ने अनशन स्थल पर पहुंचकर युवाओं से वार्ता की और उनकी मांगों के संबंध में विद्युत विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर समाधान की दिशा में प्रस्ताव शासन को भेजने का भरोसा दिया। क्षेत्र में बिजली की अनियमित आपूर्ति, लगातार कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर युवाओं ने आमरण अनशन शुरू किया था। चार दिनों तक अन्न-जल का त्याग कर आंदोलन करने के कारण कई अनशनकारियों की तबीयत प्रभावित हुई। अनशन में राहुल मदेशिया, ऋतिक सिंह, श्रेयांश यशस्वी, अभय यादव, उत्कर्ष प्रताप सिंह और नीरज सिंह समेत अन्य युवा शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बलहा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है। उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। मौके पर पहुंचीं एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने अनशनकारियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि मांगपत्र में उठाए गए विद्युत संबंधी मामलों को संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है। विभागीय अधिकारियों से समन्वय कर सुधारात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। प्रशासन की ओर से मिले आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया। एसडीएम ने अनशनकारियों को जूस पिलाकर आमरण अनशन समाप्त कराया। इस दौरान मोतीपुर थानाध्यक्ष ब्रह्मा गौड़, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से संवाद कर उन्हें हरसंभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया। आंदोलन को किसान संगठनों का भी समर्थन प्राप्त हुआ था। किसान यूनियन के दो जिलाध्यक्षों तथा स्थानीय पदाधिकारी शेख शाहनवाज हुसैन समेत कई पदाधिकारियों ने आंदोलन का समर्थन करते हुए अनशन में शामिल होने की बात कही थी। अनशन समाप्त होने के बाद प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रशासन के आश्वासन के बाद फिलहाल आंदोलन स्थगित किया गया है। अब उनकी निगाह विद्युत व्यवस्था में होने वाले वास्तविक सुधार पर रहेगी। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगे आंदोलन को लेकर पुनः निर्णय लिया जाएगा।




