गंगापुर चौराहे पर ऑटो रिक्शा का आतंक: राहगीरों और वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी
सीमा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गंगापुर चौराहे पर इन दिनों ऑटो रिक्शा चालकों की मनमानी से आम जनता परेशान है

गंगापुर चौराहे पर ऑटो रिक्शा का आतंक: राहगीरों और वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी
धनीराम यादव ब्यूरो/ संचालक उजाला हिंद न्यूज़ चैनल बहराइच
नवाबगंज / संथलिया
सीमा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गंगापुर चौराहे पर इन दिनों ऑटो रिक्शा चालकों की मनमानी से आम जनता परेशान है। थाना नवाबगंज की चौकी संथलिया क्षेत्र में स्थित गंगापुर चौराहे पर ऑटो रिक्शा चालकों द्वारा ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखकर वाहन खड़ा करने और सवारी भरने की होड़ के कारण राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह और शाम के समय स्कूल-कॉलेज और दफ्तर जाने वाले लोगों की भीड़ के बीच ऑटो चालक चौराहे के बीचों-बीच वाहन रोक देते हैं। इससे जाम लग जाता है और पैदल चलने वालों को सड़क पर उतरकर जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ता है। कई बार तेज रफ्तार ऑटो के कारण दुर्घटना की स्थिति भी बन जाती है।
राहगीरों की शिकायत है कि बार-बार कहने के बावजूद ऑटो चालक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे। चौराहे पर कोई स्थायी पुलिस व्यवस्था न होने के कारण यह “आतंक” लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने थाना नवाबगंज और चौकी संथलिया पुलिस से मांग की है कि गंगापुर चौराहे पर नियमित गश्त बढ़ाई जाए और ऑटो रिक्शा के लिए निर्धारित स्टैंड बनाया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
अगर समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।




