मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का मुख्यमंत्री ने किया शुभारम्भ
कृषि विज्ञान केन्द्र में आयोजित समारोह में राज्य स्तरीय कार्यकम का हुआ सजीव प्रसार

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का मुख्यमंत्री ने किया शुभारम्भ
कृषि विज्ञान केन्द्र में आयोजित समारोह में राज्य स्तरीय कार्यकम का हुआ सजीव प्रसार
बहराइच ब्यूरो 23 सितंबर।
प्रदेश के मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा 5, कालीदास मार्ग, लखनऊ में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का शुभारम्भ किया गया। तथा मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के ई-पोर्टल तथा सहकारिता विभाग के उर्वरक सेतु मोबाइल ऐप एवं उ.प्र. को-आपरेटिव डेटाबेस सेंटर के मोबाइल ऐप यूपीसीडीसी की लॉन्चिंग भी की गई। राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का कृषि विज्ञान केन्द्र, बहराइच के सभागार में आयोजित समारोह में सजीव प्रसारण दिखया गया। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना उ.प्र. सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड (एल.डी.बी) के माध्यम से लघु एवं सीमान्त कृषको के आर्थिक सशक्तीकरण एवं कृषि आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कृषि विज्ञान केन्द्र, के सभागार में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि विधायक महसी सुरेश्वर सिंह एवं अध्यक्षता सभापति, जिला सहकारी बैंक लि., बहराइच जितेन्द्र त्रिपाठी के द्वारा की गयी। इस अवसर पर उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, विधायक नानपारा राम निवास वर्मा, सदर विधायिका श्रीमती अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि अशोक जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक, सहकारिता देवेन्द्र कुमार सिंह, सहकारी समितियों/संस्थाओं के सभापति एवं संचालकगण तथा सहकारिता से जुड़ें कृषक तथा अन्य प्रतिनिधिगण द्वारा राज्य स्तरीय कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को देखा व सुना गया।
कार्यक्रम में योजना की जानकारी देते हुये बताया गया कि मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का मुख्य उद्देश्य लघु एवं सीमान्त कृषको को सुलभ रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराकर उनकी कृषि उत्पादकता एवं आय में वृद्धि करना है। योजना के अन्तर्गत पात्र कृषकों को रू. छः लाख तक का दीर्घ कालीन ऋण 6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जायेगा। समय से ऋण की किश्ते जमा करने वाले पात्र कृषको को राज्य सरकार द्वारा ब्याज अनुदान का लाभ प्राप्त होगा। योजना हेतु उ.प्र. सरकार द्वारा रू. 384.00 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गयी है तथा आगामी पांच वर्षों में लगभग 5.00 लाख कृषकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
योजना अन्तर्गत कृषि के साथ-साथ कृषि आधारित अन्य गतिविधियों एवं आवश्यक पूंजी गत निवेश हेतु ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जायेगी तथा ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिये आनलाइन व्यवस्था पर बल दिया गया है। इसी अवसर पर प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारम्भ किया गया। भारत टैक्सी, सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) द्वारा संचालित भारत का पहला सहकारी-नेतृत्व वाला डिजिटल राईड-हेलिंग प्लेटफार्म है। ‘सारथी ही मालिक’ की सहकारी भावना के अन्तर्गत चालक सदस्य एवं हित धारक के रूप में इससे जुड़ते है। इस योजना का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराते हुये चालको के आर्थिक-सामाजिक सशक्तिकरण, रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।
समारोह के दौरान अतिथिगण द्वारा जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, बहराइच की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित कुछ कृषकों को किसान केंडिट कार्ड योजान्तर्गत फसली ऋण का चेक भी उपलब्ध कराया गया है। कार्यक्रम में उपस्थित सचिवों एवं अध्यक्ष/उपाध्यक्ष से अपने अपने क्षेत्रों में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार प्रसार करते हुये पात्र कृषकों को योजना से जोड़ने में सक्रिय सहयोग करने की अपेक्षा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्बन्धित द्वारा सहकारिता आधारित इन पहलों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग का आश्वासन दिया गया।




