मेडिकल कॉलेज बहराइच में शुरू हुई BERA जांच की सुविधा, अब नहीं जाना पड़ेगा लखनऊ
बहराइच 15 सितंबर। महाराजा सुहेल देव स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क चिकित्सालय बहराइच के नाक, कान एवं गला (ENT) विभाग में नवस्थापित BERA मशीन की सुविधा शुरू हो गई है

मेडिकल कॉलेज बहराइच में शुरू हुई BERA जांच की सुविधा, अब नहीं जाना पड़ेगा लखनऊ
बहराइच 15 सितंबर।
महाराजा सुहेल देव स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क चिकित्सालय बहराइच के नाक, कान एवं गला (ENT) विभाग में नवस्थापित BERA मशीन की सुविधा शुरू हो गई है। सोमवार को दोपहर 3:30 बजे पूर्व मंत्री एवं सदर विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल ने मशीन का उद्घाटन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सहित मेडिकल कॉलेज के अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल ने कहा कि अब सुनने की क्षमता की जांच के लिए मरीजों को लखनऊ जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और यह सुविधा मेडिकल कॉलेज बहराइच में ही उपलब्ध होगी। उन्होंने सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री एवं शासन का आभार जताया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. (प्रो.) संजय खत्री ने कहा कि BERA मशीन की सुविधा शुरू होना मेडिकल कॉलेज की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी। BERA यानी Brainstem Evoked Response Audiometry एक विशेष श्रवण जांच है, जिसमें कान से प्राप्त ध्वनि संकेतों की श्रवण तंत्र और मस्तिष्क के ब्रेनस्टेम तक पहुंचने वाली प्रतिक्रिया को रिकॉर्ड किया जाता है। यह जांच विशेष रूप से नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों की सुनने की क्षमता का आकलन करने, सामान्य hearing test में सहयोग न कर पाने वाले मरीजों तथा श्रवण क्षमता में कमी की जांच में उपयोगी है। जांच के दौरान मरीज को हेडफोन या ईयरफोन के माध्यम से ध्वनि सुनाई जाती है और सिर पर लगाए गए छोटे इलेक्ट्रोड के माध्यम से तंत्रिका प्रतिक्रिया रिकॉर्ड की जाती है। इस जांच में मरीज को बोलकर जवाब देने की आवश्यकता नहीं होती। मेडिकल कॉलेज में यह सुविधा शुरू होने से बहराइच सहित आसपास के जनपदों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें जांच के लिए लखनऊ या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे मरीजों के समय और आने-जाने के खर्च की भी बचत होगी। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, उप-प्राचार्य डॉ. मलिक शहनवाज, ENT विभाग के डॉ. बी.एन. माशी एवं डॉ. राजेंद्र कुमार शुक्ला सहित अन्य संकाय सदस्य, चिकित्सालय प्रबंधक, नर्सिंग अधीक्षिका एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




