मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर 46 हजार की चोरी
विशेश्वरगंज, बहराइच। विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुलरिहा स्थित बैकुंठा चौराहा पर शनिवार रात चोरों ने विकलेश मेडिकल स्टोर का शटर तोड़कर करीब 46 हजार रुपये का सामान व नकदी पार कर दी

मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर 46 हजार की चोरी
विशेश्वरगंज, बहराइच।
विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुलरिहा स्थित बैकुंठा चौराहा पर शनिवार रात चोरों ने विकलेश मेडिकल स्टोर का शटर तोड़कर करीब 46 हजार रुपये का सामान व नकदी पार कर दी। चोर दुकान के गल्ले में रखे करीब 40 हजार रुपये नकद और लगभग छह हजार रुपये कीमत की दवाएं चोरी कर ले गए। घटना से क्षेत्र के दुकानदारों में दहशत का माहौल है।
ग्राम गांगूदेवर निवासी मेडिकल स्टोर संचालक शिवम सिंह पुत्र रामसूरत सिंह ने बताया कि शनिवार रात वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर गल्ले में रखे करीब 40 हजार रुपये नकद और लगभग छह हजार रुपये कीमत की दवाएं गायब मिलीं।
घटना की सूचना तत्काल पीआरबी-112 को दी गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है। पीड़ित मेडिकल स्टोर संचालक ने एक व्यक्ति पर चोरी की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।




