62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, भिनगा एवं वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 38 किलोग्राम जंगली सूअर का मांस बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, भिनगा एवं वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 38 किलोग्राम जंगली सूअर का मांस बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
जिला संवाददाता -मंजीत कुमार मिश्र
*भिनगा /श्रावस्ती*-अमरेन्द्र कुमार वरुण, कमांडेंट, 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, भिनगा के निर्देशन में तथा निरीक्षक मनीष कुमार चौधरी के नेतृत्व में वन्यजीव संरक्षण एवं सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत 01 जुलाई 2026 को समवाय सोनपथरी की सीमा चौकी गंभीरनाका एवं उत्तर प्रदेश वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई।
आसूचना शाखा, 62वीं वाहिनी से प्राप्त सूचना के आधार पर निरीक्षक मनीष कुमार चौधरी के नेतृत्व में एसएसबी एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने पंचायत पटखौली क्षेत्र के बालू घोलिया मार्ग पर अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान लगभग 8.5 किलोमीटर भारत की ओर दो भारतीय व्यक्तियों नन्द कुमार एवं नरोत्तम को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से मृत जंगली सूअर (Wild Boar) , एक साइकिल एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी प्राप्त हुई कि दोनों आरोपी उक्त मृत जंगली सूअर को सिरसिया बाजार में बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों एवं बरामद सामान को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु उत्तर प्रदेश वन विभाग, पूर्वी सोहेल्वा फॉरेस्ट रेंज, श्रावस्ती के सुपुर्द कर दिया गया।
62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, भिनगा सीमा क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं अवैध तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर निरंतर अभियान संचालित कर रही है।




