अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती पर सेनानी उत्तराधिकारियों का सम्मान
बहराइच, 24 अगस्त। 1857 की क्रांति एवं प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर नायक अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती सोमवार को रायबरेली में श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाई गई

अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती पर सेनानी उत्तराधिकारियों का सम्मान
बहराइच, 24 अगस्त।
1857 की क्रांति एवं प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर नायक अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती सोमवार को रायबरेली में श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन राना बेनी माधव बख्श सिंह स्मारक समिति रायबरेली के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राना बेनी माधव बख्श सिंह ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया। इसके पश्चात उन्होंने अवध क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम में देवीपाटन मंडल के एकमात्र जीवित स्वतंत्रता सेनानी श्री राम अचल आचार्य सहित सेनानी उत्तराधिकारी संगठन राज्य इकाई उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र, विनोद गुप्ता गोण्डा, यदुनाथ प्रसाद यादव श्रावस्ती, पोरस बहादुर सिंह बलरामपुर, अजय तिवारी इकौना, आदित्य भान सिंह वंशज चहलारी नरेश बलभद्र सिंह बहराइच, विष्णु प्रताप सिंह, कामरान सिद्दीकी, मारूति नंदन शुक्ल, अतुल मिश्र समेत करीब दो दर्जन सेनानी उत्तराधिकारियों को सम्मानित किया गया।
सेनानी उत्तराधिकारियों को राना बेनी माधव बख्श सिंह की स्मृति, भगवान श्रीराम का चित्र एवं अंगवस्त्र भेंटकर संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने सम्मानित किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में बहराइच समेत देवीपाटन मंडल के विभिन्न जिलों से पहुंचे सेनानी उत्तराधिकारियों की सहभागिता रही। समारोह ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत और अवध के वीर योद्धाओं के बलिदान को पुनः स्मरण कराया।




