हिन्दी सप्ताह के तहत व्यवहार न्यायालय में विराट कवि सम्मेलन आयोजित
बहराइच ब्यूरो 20 सितंबर। हिन्दी सप्ताह मनाये जाने के क्रम में अखिल भारतीय हिन्दी विधि प्रतिष्ठान शाखा बहराइच के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय के सभागार में विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया

हिन्दी सप्ताह के तहत व्यवहार न्यायालय में विराट कवि सम्मेलन आयोजित
बहराइच ब्यूरो
20 सितंबर।
हिन्दी सप्ताह मनाये जाने के क्रम में अखिल भारतीय हिन्दी विधि प्रतिष्ठान शाखा बहराइच के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय के सभागार में विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्याकाश के धूमकेतु राम संवारे द्विवेदी ‘चातक’ ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जनपद न्यायाधीश राजेश कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा मां वीणापाणि के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। सरस्वती वंदना राघवेन्द्र नाथ त्रिपाठी ने प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन राम सूरत वर्मा ‘जलज’ ने करते हुए राष्ट्रभाषा हिन्दी के परिप्रेक्ष्य में काव्य पाठ किया। राम संवारे द्विवेदी ‘चातक’ ने अपनी रचना के माध्यम से कविता की संवेदनशीलता को अभिव्यक्त किया। बाराबंकी से पधारे ओज के कवि दुष्यंत कुमार शुक्ल ‘सिंहनादी’ ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रचनाओं से श्रोताओं में जोश भरा। वरिष्ठ गीतकार राधाकृष्ण ‘पथिक’ ने हिन्दी की महत्ता पर गीत प्रस्तुत किया। प्रदीप पाण्डेय, जयंत धर द्विवेदी तथा शिवेन्द्र प्रताप सिंह ने भी अपनी रचनाओं से समां बांधा। इसके अतिरिक्त एसएमएस जैदी, रोहित त्रिपाठी, पीके प्रचण्ड, तिलकराम ‘अजनबी’, देशराज सिंह ‘आजाद’, अनूप श्रीवास्तव, सुभाषित ‘अकिंचन’, विनय शुक्ला, बृजनन्दन पाण्डेय, प्रेम दूबे, ‘नजर’ बहराइची, किशोरी लाल चौधरी सहित अनेक कवियों ने मनोहारी काव्य पाठ किया। मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश राजेश कुमार सिंह ने कवियों को सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की व्यवस्था अधिवक्ता पंकज मिश्रा, बार के महामंत्री शैलेन्द्र सिंह एवं देश रत्न सिंह ‘प्रिंस’ ने संभाली। प्रतिष्ठान के अध्यक्ष राम छबीले शुक्ल ने सभी अतिथियों एवं कवियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष राम जी बाजपेई, कृष्ण मोहन श्रीवास्तव, राम अचल सिंह सेंगर, कर्मवीर सिंह, विजय पाठक सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, न्यायाधीश, न्यायालय कर्मचारी एवं मीडिया कर्मी मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी अनिल त्रिपाठी ने बताया कि 21 सितंबर को दीवानी न्यायालय परिसर में पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनपद के सभी हिन्दी प्रेमियों से उपस्थित रहने की अपील की गई है। महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।




