ड्यूटी से लौट रहे पीआरडी जवान की सड़क हादसे में मौत, गांव में पसरा मातम*
विकासखंड कैसरगंज के ग्राम पंचायत नत्थनपुर निवासी पीआरडी जवान सुरेश चंद्र वर्मा (50) की रविवार सुबह सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह थाना विशेश्वरगंज क्षेत्र के पीएम श्री स्कूल लख्खा रामपुर में ड्यूटी पर तैनात थे और ड्यूटी पूरी कर बाइक से घर लौट रहे थे।

**ड्यूटी से लौट रहे पीआरडी जवान की सड़क हादसे में मौत, गांव में पसरा मातम*
उजाला हिंद न्यूज़ चैनल
जिला क्राइम ब्यूरो बहराइच.. समीर खां
विकासखंड कैसरगंज के ग्राम पंचायत नत्थनपुर निवासी पीआरडी जवान सुरेश चंद्र वर्मा (50) की रविवार सुबह सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह थाना विशेश्वरगंज क्षेत्र के पीएम श्री स्कूल लख्खा रामपुर में ड्यूटी पर तैनात थे और ड्यूटी पूरी कर बाइक से घर लौट रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजे थाना कैसरगंज क्षेत्र के कोनारी बंगला के पास हुआ। फॉरेस्ट चौकी के समीप सड़क किनारे एक पेड़ के पास अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें सीएचसी कैसरगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर कैसरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बहराइच भेज दिया।
बताया जाता है कि सुरेश चंद्र वर्मा प्रांतीय रक्षक दल में लंबे समय से सेवारत थे और परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में 6 बेटे और 3 बेटियां हैं, जिनमें से 3 बेटों की ही शादी हो पाई है। बाकी बच्चे अभी पढ़ाई कर रहे हैं। जवान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
रविवार शाम पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव नत्थनपुर पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए हजारों ग्रामीण उमड़ पड़े। शव देखते ही पत्नी और बच्चों की चीख-पुकार से पूरा गांव गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि सुरेश चंद्र वर्मा बेहद मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ थे।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और एक आश्रित को रोजगार देने की मांग की है। अंतिम संस्कार के बाद परिजनों द्वारा थाने में शिकायती पत्र देने की बात कही गई है,जिसके बाद अज्ञात वाहन के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




