*तेज बारिश में उजड़ा विधवा का आशियाना, दो बच्चों संग बेघर हुई कृष्णावती*

*तेज बारिश में उजड़ा विधवा का आशियाना, दो बच्चों संग बेघर हुई कृष्णावती*
*संवाददाता अहमद हुसैन की रिपोर्ट*उजाला हिंद समाचार
जनपद श्रावस्ती तहसील इकौना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेमगढ़ा पूर्वी के केवटन पुरवा में रविवार रात आई तेज आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश ने एक विधवा महिला का आशियाना उजाड़ दिया। फोर्स (तिरपाल) से बना कच्चा मकान पूरी तरह ढह गया, जिससे परिवार बेघर हो गया।
पीड़िता कृष्णावती ने बताया कि उनके पति अयोध्या प्रसाद का लगभग दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। पति की मृत्यु के बाद वह मेहनत-मजदूरी कर अपने दो बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं। रविवार रात हुई तेज बारिश के दौरान घर में पानी भर गया और देखते ही देखते पूरा कच्चा मकान ढह गया। घर में रखा राशन, कपड़े एवं अन्य घरेलू सामान भी पानी में भीगकर खराब हो गया।
कृष्णावती ने बताया कि गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। नाली के अभाव में हर बारिश में उनके घर में पानी भर जाता है। इस बार लगातार बारिश के कारण पूरा मकान गिर गया और उन्हें अपने दोनों बच्चों के साथ पूरी रात खुले आसमान के नीचे बितानी पड़ी।
पीड़िता ने जिला प्रशासन से प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने तथा गांव में नाली निर्माण कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सहायता नहीं मिली तो बरसात के मौसम में उनके परिवार के सामने और भी गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।




