तरबगंज: चार पहिया वाहन की टक्कर से किशुनदासपुर क्रॉसिंग रेलवे फाटक का बैरियर टूटा, 20 मिनट तक जाम

तरबगंज: चार पहिया वाहन की टक्कर से किशुनदासपुर क्रॉसिंग रेलवे फाटक का बैरियर टूटा, 20 मिनट तक जाम
गोंडा के कोल्हमपुर-तरबगंज क्षेत्र में मंगलवार देर शाम किशुनदासपुर रेलवे समपार फाटक संख्या 12सी पर अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से रेलवे बैरियर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
बैरियर टूटने के कारण रेलवे फाटक के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब 20 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची और स्थिति संभालते हुए यातायात को सुचारु कराया।
आरपीएफ उपनिरीक्षक राकेश राय ने बताया कि अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से बैरियर टूटा है। वाहन और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के बाद संबंधित चालक के खिलाफ रेलवे अधिनियम और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।




