Welcome to Ujala Hind   Click to listen highlighted text! Welcome to Ujala Hind
उत्तर प्रदेश

पर्यावरण व जल संरक्षण के साथ नशा उन्मूलन का लिया संकल्प

शिवालय बाग शिव मंदिर परिसर में महामना मालवीय मिशन अवध ने आयोजित की चौपाल,  किया वृक्षारोपण

पर्यावरण व जल संरक्षण के साथ नशा उन्मूलन का लिया संकल्प

शिवालय बाग शिव मंदिर परिसर में महामना मालवीय मिशन अवध ने आयोजित की चौपाल,

किया वृक्षारोपण

 

 

बहराइच 25 अगस्त। महामना मालवीय मिशन अवध के तत्वावधान में मंगलवार को पौराणिक शिवालय बाग शिव मंदिर परिसर में पर्यावरण एवं जल संरक्षण तथा नशा उन्मूलन विषयक चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण और जल संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया। चौपाल को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी नानपारा प्रकाश सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और जीवनोपयोगी विषय है। शुद्ध वातावरण एवं स्वच्छ पेयजल के बिना मानव जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि सभी लोगों का दायित्व है कि निजी एवं सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें और लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं, जिससे पर्यावरण एवं पेयजल मानव जीवन के अनुकूल बना रहे। महामना मालवीय मिशन अवध के क्षेत्र अध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव एडवोकेट ने कहा कि पर्यावरण एवं जल संरक्षण के लिए पूरे तराई क्षेत्र, विशेषकर सरयू नदी के तटीय इलाकों में पंचवटी प्रजाति के पौधों का रोपण कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों के सहयोग से रोपित पौधों के संरक्षण के लिए भी प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नशा उन्मूलन को लेकर विभिन्न स्थानों पर चौपाल आयोजित कर लोगों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। ब्लॉक प्रमुख शिवपुर सुधीर याज्ञसेनी ने कहा कि पर्यावरण एवं जल संरक्षण के लिए विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के सहयोग से जगह-जगह वृक्षारोपण कर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। संघ विचारक अशोक कुमार ने कहा कि क्षेत्र में अवैध नशे के क्रय-विक्रय, उपभोग एवं उत्पादन की समस्या बढ़ रही है। इस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जनजागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन पर्यावरणविद् अनिल पाण्डेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन किसान नेता सरदार सुखविंदर सिंह ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिवालय बाग के पीठाधीश्वर महंत वीरेंद्र गिरी जी महाराज ने की। समापन अवसर पर वन विभाग नानपारा के तत्वावधान में मंदिर परिसर में पंचवटी एवं हरिशंकरी प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण के साथ पर्यावरण एवं जल संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर डिप्टी रेंजर नानपारा अमित पाण्डेय, भाजपा नेत्री रेखा पाण्डेय, धर्मेन्द्र गुप्ता एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!