यातायात नियमों के उल्लंघन पर 480 वाहनों के चालान, 6.83 लाख रुपये जुर्माना
बहराइच 25 अगस्त। सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया

यातायात नियमों के उल्लंघन पर 480 वाहनों के चालान, 6.83 लाख रुपये जुर्माना
बहराइच 25 अगस्त।
सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री आयुष विक्रम सिंह एवं क्षेत्राधिकारी यातायात श्री राज सिंह के कुशल नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक यातायात रामप्रकाश की टीम ने 24 अगस्त को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान संचालित किया। अभियान के दौरान बस, चार पहिया, तीन पहिया एवं दो पहिया वाहनों की गहन जांच की गई। यातायात पुलिस एवं नागरिक पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान में कुल 480 वाहनों के चालान किए गए तथा 6,83,800 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। वहीं 03 वाहनों को सीज किया गया। दो पहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर यात्रा करने के मामले में 38 चालान किए गए, जबकि तेज गति से वाहन चलाने पर 106 चालान किए गए। इसके अलावा मादक द्रव्य का सेवन कर वाहन चलाने के मामले में एक वाहन के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। हाईवे पर खड़े वाहनों को हटवाते हुए ऐसे वाहनों के विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया और अभियान को लगातार जारी रखने की बात कही। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन न चलाएं तथा वाहन को अनियंत्रित गति से चलाने से बचें।




