आउटसोर्स कार्मिकों को मिला निगम का तोहफा
बहराइच ब्यूरो 02 सितम्बर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारम्भ किया

आउटसोर्स कार्मिकों को मिला निगम का तोहफा
बहराइच ब्यूरो
02 सितम्बर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारम्भ किया। इस दौरान निगम के पोर्टल एवं वेबसाइट की लॉन्चिंग के साथ आउटसोर्स कार्मिकों को चेक भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कपूरथला परिसर स्थित उत्थान आडिटोरियम में किया गया। यहां मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष सुधा देवी व पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल ने आउटसोर्स कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र व किट प्रदान कर सम्मानित किया। सफाई कार्मिकों को भी सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं के तहत चार लाभार्थियों को कन्या विवाह सहायता योजना में 85-85 हजार रुपये के डेमो चेक प्रदान किए गए। वहीं मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के छह लाभार्थियों को कुल 3 लाख 22 हजार 635 रुपये के डेमो चेक वितरित किए गए। चयनित ईसीसीई एजुकेटरों को प्रमाण पत्र भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं में आउटसोर्सिंग से संबंधित सेवाओं और प्रक्रियाओं को एकीकृत कर डिजिटल स्वरूप दिया जाएगा। पोर्टल से आउटसोर्सिंग से जुड़ी सूचनाएं और सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने अधिकारियों को पोर्टल का प्रभावी संचालन कर पात्र लोगों को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम का संचालन रवि पाठक ने किया। इस अवसर पर नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी प्रमिता सिंह, सहायक श्रमायुक्त राज बहादुर यादव, जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार सहित जनप्रतिनिधि, सभासद, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आउटसोर्स कार्मिक मौजूद रहे।




