डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक
बहराइच ब्यूरो 26 सितंबर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार की शाम आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जननी सुरक्षा योजना

डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक
बहराइच ब्यूरो 26 सितंबर।
कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार की शाम आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के मात्र 61 प्रतिशत भुगतान पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सीएचची विशेश्वरगंज, महसी रिसिया के अधीक्षक को चेतावनी पत्र जारी करने एवं 95 पतिशत लाभार्थियों का भुगतान करने हेतु निर्देशित किया गया। आयुष्मान भारत के अंतर्गत जीरो पॉवर्टी 70 वर्ष के वरिष्ठ नागरिकों आदि के शत-प्रतिशत गोल्डन कार्ड बनाए जाने के निर्देश देते हुए सीडीओ को नियमित समीक्षा हेतु निर्देशित किया। क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत मरीजो के एक्स-रे में महसी की प्रगति अत्यन्त कम होने के सम्बन्ध में बताया गया कि एक्स-रे टेक्निशियन ना होने के कारण एक्स रे कम हुए हैं। सीएमओ द्वारा बताया गया की टेक्नीशियन की तैनाती हो गई है शीघ्र ही मरीजो का एक्स-रे प्रारंभ कर दिया जाएगा।
क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित निश्चय योजना के अंतर्गत 5197 मरीजों की तुलना में 4383 मरीज को गोद लेकर पोषाहार किट वितरित किया जा रहा है। क्षय रोग अधिकारी को निर्देशित किया गया की जनपद एवं ब्लाक स्तरीय अधिकारियों के साथ-साथ रेड क्रॉस समिति, व्यापार मंडल के सदस्यों आदि को भी निश्चय मित्र बनाया जाए। मरीज के घर पहुंच कर पोषाहार की पोटली दी जाए साथ ही उसकी फोटोग्राफ भी प्रस्तुत की जाए। डीएम ने कहा कि उपचार प्राप्त कर रहे मरीजों को पोषाहार के रूप में दी जाने वाली डीबीटी की धनराशि समय से लाभार्थियों के खाते में प्रेषित की जाए।
प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की समीक्षा के दौरान डीएचईआईओ बृजेश सिंह द्वारा बताया गया की 16 आवंटित दुकानों में से सात दुकान ही संचालित हो रही हैं। इस स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सीडीओ की अध्यक्षता में बैठक कराकर समस्त आवंटित स्थान पर जन औषधि केंद्र संचालित करने एवं केवल जेनेरिक दवाओं की बिक्री ही कराए जाने के निर्देश दिये गये। आभा आई.डी. की प्रगति में जनपद का तीसरा स्थान होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए निर्देशित किया गया की नियमित रूप से आभा आईडी कार्ड बनाए जाएं साथ ही सीएमएस महर्षि बालाक चिकित्सालय को निर्देशित किया गया की जो भी मरीज प्रतिदिन इलाज के लिए आते हैं यदि उनका आभा कार्ड नहीं बना है तो पर्चा के काउंटर के पास व्यक्ति को बैठक आभा कार्ड बनवाया जाए जिससे पर्चे की लाइन में भीड़ कम हो सके इससे आम जनमानस को बहुत ही सहूलियत होगी।
परिवार नियोजन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान प्रगति कम होने के संबंध में अवगत कराया गया कि माह अक्टूबर से परिवार नियोजन के स्थाई साधनों हेतु लाभार्थी अधिक प्रेरित होते हैं। निर्देशित किया गया की अधिक से अधिक लोगों को मोबिलाइज कर परिवार नियोजन के साधनों के प्रति प्रेरित किया जाए और लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि को प्राप्त किया जाए। राष्ट्रीय कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देशित किया गया की सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत लगाये जा रहे स्वास्थ्य कैंप, ग्राम चौपाल आदि में कुष्ठ रोगियों को एनसीआर फुटवियर सेल्फ केयर किट का वितरण जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाए।
राष्ट्रीय दृष्टिहीनता एवं दृष्टि दोष नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत सरकारी चिकित्सकों द्वारा मात्र 124 मोतियाबिंद के ऑपरेशन किए जाने पर सीएमओ द्वारा बताया गया कि जनपद में केवल एक सर्जन होने के कारण आपरेशन कम हुए हैं। डीएम द्वारा निर्देशित किया गया कि ग्राम स्तर पर लिस्ट बनाकर माइक्रो प्लान बनाते हुए अधिक से अधिक मरीज का मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जाए तथा लेंस की पर्याप्त उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए। यदि किसी व्यक्ति को चश्मा और कान की मशीन की आवश्यकता पड़ती है तो उसे रेडक्रॉस समिति के माध्यम से भी उपलब्ध कराने का प्रावधान किया जाए साथ ही बच्चों की स्क्रीनिंग कर चिन्हित बच्चों को निशुल्क चश्मा का वितरण तत्काल कर दिया जाए।
जन्म मृत्यु पंजीकरण कार्यक्रम के अंतर्गत समीक्षा में पाया गया की शत प्रतिशत संस्थागत प्रसव वाले बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र नहीं प्रदान किया जा रहे हैं इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देशित किया गया की संस्थागत प्रसव के दौरान डिस्चार्ज के समय समस्त लाभार्थियों को जन्म प्रमाण पत्र अवश्य प्रदान कर दिया जाए साथ ही यदि किसी व्यक्ति की उपचार के दौरान मृत्यु हो जाती है तो चिकित्सालय द्वारा तत्काल मृत्यु प्रमाण पत्र भी जारी किया जाए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही हेतु संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
ई संजीवनी कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लॉक जरवल, महसी, फखरपुर, शिवपुर की प्रगति निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष कम पाए जाने पर निर्देशित किया गया कि लक्ष्य के सापेक्ष ई संजीवनी ओपीडी सुनिश्चित किया जाए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। ई-कवच पोर्टल पर केवल 75 प्रतिशत गर्भवती माता की ए.एन.सी. अपलोड होने के कारण महसी विशेश्वरगंज के चिकित्सा अधिकारियों को नोटिस जारी करने एवं लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत पंजीकरण हेतु निर्देशित किया गया। राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा के अंतर्गत निर्देशित किया गया कि 102, 108 व एएलएस एम्बुलेंस निर्धारित समय सीमा के भीतर समस्त मरीजों को गंतव्य तक पहुंचाने का कार्य करें। नियमित रूप से वाहनों का निरीक्षण किया जाए और कमी पाए जाने पर तत्काल उसको दूर किया जाए। उक्त कार्यक्रमों के अतिरिक्त राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम नियमित टीकाकरण आदि पर समीक्षा की गई और उचित दिशा निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान सीडीओ, डीपीआरओ, बीएसए, जिला प्रोबेशन अधिकारी, डीपीओ, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित समस्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।




