सात माह का वेतन बकाया, डॉक्टर रामपाल ने फिर शुरू किया धरना, भुगतान होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
सुजौली बहराइच, 17 सितंबर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली मेतैनात डॉक्टर रामपाल सिंह ने सात माह से बकाया वेतन के भुगतान की मांग को लेकर एक माह के भीतर दूसरी बार धरना शुरू कर दिया

सात माह का वेतन बकाया, डॉक्टर रामपाल ने फिर शुरू किया धरना, भुगतान होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
सुजौली बहराइच, 17 सितंबर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली मेतैनात डॉक्टर रामपाल सिंह ने सात माह से बकाया वेतन के भुगतान की मांग को लेकर एक माह के भीतर दूसरी बार धरना शुरू कर दिया है। डॉक्टर का कहना है कि कुल 11 माह की सेवा अवधि में उन्हें अब तक केवल चार माह का वेतन ही प्राप्त हुआ है, जबकि सात माह की तनख्वाह अभी भी बकाया है। डॉक्टर रामपाल सिंह के मुताबिक बकाया वेतन को लेकर उन्होंने इससे पहले 5 सितंबर को भी पीएचसी परिसर में धरना दिया था। उस समय सीएचसी मोतीपुर के अधीक्षक डॉ. महेश विश्वकर्मा ने मौके पर पहुंचकर उनसे वार्ता की थी। डॉक्टर के अनुसार उस दौरान उन्हें बताया गया था कि चार माह का वेतन खाते में भेज दिया गया है तथा शेष सात माह की बकाया धनराशि का भुगतान एक सप्ताह के भीतर कर दिया जाएगा। आरोप है कि आश्वासन के बाद 12 दिन बीत जाने के बावजूद बकाया वेतन का भुगतान नहीं हुआ। इससे नाराज डॉक्टर ने विभाग को सूचित करने के बाद गुरुवार सुबह दोबारा धरना शुरू कर दिया। डॉक्टर रामपाल सिंह ने कहा कि सुजौली क्षेत्र जिला मुख्यालय से करीब 120 किलोमीटर दूर तथा वन क्षेत्र के आसपास स्थित है, जहां ड्यूटी के दौरान उन्हें विभिन्न कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद वह लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनका कहना है कि समय से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सात माह के बकाया वेतन का पूरा भुगतान नहीं हो जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। डॉक्टर के दोबारा धरने पर बैठने से स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है। समाचार लिखे जाने तक मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।




