विद्यालयों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए उपाय
बहराइच ब्यूरो 30 सितंबर। पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में बुधवार को जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों द्वारा विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

विद्यालयों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए उपाय
बहराइच ब्यूरो 30 सितंबर। पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में बुधवार को जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों द्वारा विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के बढ़ते स्वरूप और उनसे बचाव के विभिन्न उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने छात्र-छात्राओं को बताया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, मैसेज, लिंक, सोशल मीडिया अकाउंट तथा ऑनलाइन लेन-देन के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक खाता, एटीएम कार्ड, PIN, CVV, पासवर्ड अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान वेबसाइट अथवा एप के माध्यम से लेन-देन करने से भी बचने की सलाह दी। सोशल मीडिया के सुरक्षित प्रयोग को लेकर भी छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने कहा कि सोशल मीडिया पर निजी तस्वीरें, मोबाइल नंबर, पता, पासवर्ड अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी सावधानी के बिना साझा नहीं करनी चाहिए। किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, फाइल या संदेश का जवाब देने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को यह भी बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर फ्रॉड हो जाता है तो घबराने के बजाय तत्काल इसकी सूचना साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in� के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीमों ने छात्र-छात्राओं से साइबर सुरक्षा के प्रति स्वयं सजग रहने के साथ-साथ अपने माता-पिता, परिजनों और आसपास के लोगों को भी ऑनलाइन ठगी एवं साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। अधिकारियों के निर्देशों एवं साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सावधानियों से भी छात्र-छात्राओं को अवगत कराया गया। पुलिस द्वारा आयोजित इन जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराध के तौर-तरीकों की जानकारी देकर उन्हें सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा।




