बहराइच: नवाबगंज के गुलरिहा में किसान की मेहनत पर पानी फेर रहा जलभराव, घुटने भर पानी में धान काटने को मजबूर अन्नदाता
ग्राम पंचायत गुलरिहा, ब्लॉक नवाबगंज, बहराइच। जनपद बहराइच के नवाबगंज ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत गुलरिहा में किसानों की हालत बेहद दयनीय बनी हुई है। लगातार बारिश और जलभराव के कारण खेतों में घुटने भर पानी भरा हुआ है, लेकिन अपना पेट काटकर फसल उगाने वाला अन्नदाता हार मानने को तैयार नहीं है।

मिली जानकारी के अनुसार गुलरिया के किसान अपनी महीनों की मेहनत से तैयार हुई धान की फसल को बर्बाद होने से बचाने के लिए *पानी में घुसकर धान की कटाई* करने को मजबूर हैं। खेत तालाब में तब्दील हो चुके हैं, ऊपर से फसल के ऊपर पानी का दबाव, नीचे कीचड़ और फिसलन, फिर भी किसान अपनी फसल को सुरक्षित घर ले जाने में जुटा हुआ है।
किसानों का कहना है कि अगर दो-तीन दिन और फसल खेत में पानी में रही तो पूरी फसल सड़ जाएगी और साल भर की कमाई डूब जाएगी। सरकार और प्रशासन से मुआवजे की आस लगाए किसान इस समय कड़ी धूप और पानी के बीच दोहरी मार झेल रहा है।
एक तरफ महंगे बीज, महंगी खाद, महंगा डीजल लगाकर किसान ने कर्ज लेकर फसल तैयार की, तो दूसरी तरफ कुदरत की मार ने उसकी सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। फिर भी अन्नदाता हिम्मत नहीं हारा है और पानी में भीगते हुए अपनी फसल को एक-एक बाल काटकर घर लाने में लगा हुआ है।
स्थानीय किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि जलभराव वाले खेतों का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए और फसल निकालने के लिए संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।