श्रावस्ती: जनपद न्यायाधीश, डीएम और एसपी ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण, बंदियों से जाना हालचाल
श्रावस्ती, 30 जुलाई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश चन्द, जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनुप्रिया ने गुरुवार को जिला कारागार श्रावस्ती का औचक निरीक्षण कर

श्रावस्ती: जनपद न्यायाधीश, डीएम और एसपी ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण, बंदियों से जाना हालचाल
*संवाददाता अहमद हुसैन की रिपोर्ट*
श्रावस्ती, 30 जुलाई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश चन्द, जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनुप्रिया ने गुरुवार को जिला कारागार श्रावस्ती का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने जेल में बंद बंदियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रसोईघर, खाद्यान्न स्टोर, महिला बैरक, पुरुष बैरक, किशोर बैरक तथा कारागार अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए जेल अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कारागार परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने, बंदियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा भोजन की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित सभी सुविधाएं समय पर बंदियों तक पहुंचनी चाहिए।
निरीक्षण के उपरांत जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कारागार परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर प्रभारी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रद्युम्न मिश्रा, न्यायिक मजिस्ट्रेट दिलीप कुमार साहनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. ए.के. सिंह, जेल अधीक्षक, डिप्टी जेलर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




