उत्थान आडिटोरियम में समारोहपूर्वक हुआ आँगन मिलन कार्यक्रम, लाभार्थियों को बांटे डेमो चेक व प्रमाण पत्र
बहराइच ब्यूरो 20 सितंबर। जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत रविवार को उत्थान आडिटोरियम में आँगन मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

उत्थान आडिटोरियम में समारोहपूर्वक हुआ आँगन मिलन कार्यक्रम, लाभार्थियों को बांटे डेमो चेक व प्रमाण पत्र
बहराइच ब्यूरो
20 सितंबर।
जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत रविवार को उत्थान आडिटोरियम में आँगन मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग तथा जनपद प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी व पदमसेन चौधरी, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, नानपारा राम निवास वर्मा, सदर विधायक अनुपमा जायसवाल, बलहा विधायक सरोज सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, भाजपा महामंत्री रणविजय सिंह, उपाध्यक्ष हरीश चन्द्र, पूर्व जिलाध्यक्ष चन्द्रभान सिंह, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव एवं मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान रंग-बिरंगे गुब्बारे भी छोड़े गए। उद्घाटन के बाद प्रभारी मंत्री ने अतिथियों व अधिकारियों के साथ सेवा संकल्प एवं पोषण माह पर आधारित रंगोली का अवलोकन किया तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टाल और रेसिपी प्रतियोगिता का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के प्रति जागरूकता के लिए हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। परिसर में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा लगाए गए स्टालों का भी अवलोकन किया गया। इस अवसर पर पात्र दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए तथा मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत पांच कुपोषित परिवारों को गौदान किया गया। इसके बाद आडिटोरियम सभागार में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर केक काटकर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। विभिन्न माध्यमिक एवं प्राथमिक शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं तथा लोक कलाकारों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, गायन, समूह नृत्य और मैजिक शो प्रस्तुत कर कार्यक्रम में समां बांधा। समारोह के दौरान पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को मानदेय वृद्धि, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के पांच लाभार्थियों को डेमो चेक, हेल्दी बेबी शो के विजेता बच्चों को प्रमाण पत्र, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को साड़ी, बच्चों को प्री-स्कूल किट, किशोरी बालिकाओं को शगुन किट तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को किट एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। दिव्यांगजन कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिवस की बधाई देते हुए कहा कि सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण की दिशा में किए गए नीतिगत सुधारों तथा जनकल्याणकारी कार्यों से देश और प्रदेश में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, पीडी डीआरडीए मनीष, डीडीओ राज कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




