Welcome to Ujala Hind   Click to listen highlighted text! Welcome to Ujala Hind
उत्तर प्रदेश

डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला उद्योग बन्धु, श्रम बन्धु व जिला टास्क फोर्स बालश्रम समिति की बैठक

नगर निकायों व ब्लॉकों में आयोजित होंगे श्रमिक पंजीकरण शिविर, लेबर अड्डों पर विकसित होंगी मूलभूत सुविधाएं

डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला उद्योग बन्धु, श्रम बन्धु व जिला टास्क फोर्स बालश्रम समिति की बैठक

नगर निकायों व ब्लॉकों में आयोजित होंगे श्रमिक पंजीकरण शिविर, लेबर अड्डों पर विकसित होंगी मूलभूत सुविधाएं

 

 

बहराइच ब्यूरो 23 सितंबर। उद्यमियों, व्यापारियों एवं श्रमिकों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण तथा शासन की योजनाओं का पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु, श्रम बन्धु एवं जिला टास्क फोर्स बालश्रम समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में श्रमिक पंजीकरण, बालश्रमिकों के पुनर्वासन, औद्योगिक इकाइयों से संबंधित समस्याओं, निवेश मित्र पोर्टल, अप्रेन्टिसशिप, सड़क मरम्मत सहित विभिन्न बिन्दुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई। सहायक श्रमायुक्त राज बहादुर यादव ने बताया कि जनपद बहराइच में अब तक कुल 2,13,890 श्रमिक पंजीकृत हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों का पंजीकरण कराया जाए तथा प्राप्त आवेदनों पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों का पंजीकरण कराने की अपील करते हुए श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी श्रमिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को ही विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त होता है, इसलिए पात्र श्रमिकों का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने सहायक श्रमायुक्त को निर्देश दिया कि जनपद के सभी ब्लॉकों एवं नगर निकायों में श्रमिक पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएं तथा ई-रिक्शा के माध्यम से श्रम विभाग की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। शिविरों में जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक इन शिविरों का लाभ उठा सकें। बैठक में बालश्रम के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने विभाग द्वारा चिन्हित किए गए बालश्रमिकों का नियमानुसार पुनर्वासन कराने तथा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को आईटीआई के माध्यम से प्रशिक्षण दिलाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में श्रमिकों के लिए चिन्हित लेबर अड्डों पर टिन शेड, शौचालय एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। नगर मजिस्ट्रेट एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बहराइच को लेबर अड्डे के लिए उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने समय-सीमा के बाद लंबित आवेदनों के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए डीएम ने तीन प्रकरणों में की गई कार्रवाई एवं संबंधित अभिलेख उपायुक्त उद्योग को उपलब्ध कराने तथा लंबित दो प्रकरणों को आगामी बैठक से पूर्व निस्तारित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके छात्र-छात्राओं को औद्योगिक इकाइयों में अप्रेन्टिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने तथा पात्र युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना से आच्छादित कराने के भी निर्देश दिए। एमओयू के क्रियान्वयन की समीक्षा के दौरान मिहींपुरवा क्षेत्र में अपूर्ण वृहद फिशमीड मील परियोजना का मामला सामने आया। प्रभारी सहायक निदेशक मत्स्य बाबू राम ने बताया कि प्रकरण की जांच मुख्यालय स्तर से गठित टीम द्वारा की जानी है। इस पर जिलाधिकारी ने महानिदेशक मत्स्य को पत्र भेजकर प्रकरण की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित उद्यमियों एवं व्यापारियों ने बारिश के बाद सड़कों पर हुए गड्ढों की मरम्मत कराने का सुझाव रखा। इस पर जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण से संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु के बाद सड़कों पर हुए गड्ढों का तीन दिन के भीतर चिन्हांकन कराकर एक पखवाड़े के अंदर मरम्मत कार्य पूरा कराया जाए। औद्योगिक भू-खण्डों से संबंधित लैण्ड एक्सचेंज के प्रकरणों में मुख्य राजस्व अधिकारी से परीक्षण कराने तथा एक व्यावसायिक भवन के विद्युत कनेक्शन को कामर्शियल श्रेणी से औद्योगिक श्रेणी में परिवर्तित कराने के लिए यूपीपीसीएल के चेयरमैन को पत्र भेजने के निर्देश भी दिए गए। बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग केशवराम वर्मा ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, प्रभागीय वनाधिकारी बहराइच सुन्दरेशा, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह सहित अन्य जनपदीय अधिकारी तथा औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों और ट्रेड यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में अधिकारियों एवं उपस्थित प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!