तेज बारिश से फसलों को नुकसान, किसानों को शीघ्र सूचना देने की अपील
उजाला हिंद बहराइच ब्यूरो 28 सितंबर। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही तेज बारिश एवं तेज हवाओं के कारण धान, गन्ना, मक्का, सब्जी सहित विभिन्न खरीफ फसलों को हुए नुकसान के मद्देनजर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को शीघ्र क्षतिपूर्ति दिलाने के लिए कृषि विभाग ने आवश्यक निर्देश जारी किए

तेज बारिश से फसलों को नुकसान, किसानों को शीघ्र सूचना देने की अपील
उजाला हिंद
बहराइच ब्यूरो 28 सितंबर। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही तेज बारिश एवं तेज हवाओं के कारण धान, गन्ना, मक्का, सब्जी सहित विभिन्न खरीफ फसलों को हुए नुकसान के मद्देनजर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को शीघ्र क्षतिपूर्ति दिलाने के लिए कृषि विभाग ने आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। कृषि विभाग के अनुसार फसल नुकसान की सूचना समय से उपलब्ध होने पर फसल बीमा कंपनियों द्वारा क्षति का आकलन कर नियमानुसार किसानों को क्षतिपूर्ति दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। किसानों से अपील की गई है कि बारिश, जलभराव, तेज हवाओं अथवा अन्य प्राकृतिक कारणों से फसल को हुई क्षति की सूचना तत्काल संबंधित माध्यम से दें, ताकि नुकसान का समयबद्ध आकलन एवं निस्तारण कराया जा सके। किसान भारत सरकार के टोल-फ्री नंबर 14447 (KRPH-14447), कृषि विभाग के किसान कॉल सेंटर नंबर 0522-2317003, Crop Insurance App, व्हाट्सऐप चैटबॉट नंबर 7065514447 तथा NCIP पोर्टल pmfby.gov.in के माध्यम से फसल नुकसान की सूचना दर्ज करा सकते हैं। विभाग ने किसानों से अपील की है कि फसल क्षति की सूचना देने में किसी प्रकार की देरी न करें, जिससे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पात्र किसानों को नियमानुसार शीघ्र राहत एवं क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके।




