गांधी जी व शास्त्री जी के जीवन आदर्शों को आत्मसात करना ही सच्ची श्रद्धांजलि: जिलाधिकारी
बहराइच ब्यूरो 02 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सहित जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया

गांधी जी व शास्त्री जी के जीवन आदर्शों को आत्मसात करना ही सच्ची श्रद्धांजलि: जिलाधिकारी
बहराइच ब्यूरो 02 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सहित जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सिटी माण्टेसरी स्कूल की छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। इसके उपरांत जिलाधिकारी सेनानी परिसर पहुंचे, जहां अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद सहित अन्य अधिकारियों के साथ त्रिमूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जनपदवासियों को गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के सत्य, अहिंसा, सादगी एवं ईमानदारी पर आधारित विचार आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। गांधी जी के जीवन से हमें सादा जीवन, उच्च विचार, मितव्ययिता, नैतिकता, भाईचारा तथा सर्वधर्म समभाव जैसे जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि किसी दूसरे की आलोचना करने के बजाय प्रत्येक व्यक्ति जहां भी है, अपने दायित्वों का ईमानदारी और पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि यही देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्शों को अपनाते हुए देश की उन्नति के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। डीएम ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विकासपरक तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। साथ ही आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, डिप्टी कलेक्टर अमिता यादव, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी न्यायिक नीतू रानी सहित अन्य वक्ताओं ने भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन दर्शन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि दोनों महान विभूतियों के जीवन से हमें ईमानदारी, सादगी, अनुशासन एवं अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि 02 अक्टूबर देश के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इस दिन भारत ही नहीं बल्कि विश्व की दो महान विभूतियों महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जन्मदिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम के दौरान शायर अल्लन बहराईची, नजर बहराइची तथा कवि लक्ष्मीकान्त त्रिपाठी ‘मृदुल’ ने काव्यपाठ प्रस्तुत कर गांधी जी एवं शास्त्री जी के जीवन और विचारों को श्रद्धापूर्वक याद किया। वहीं डॉ. वेद मित्र शुक्ल ने बांसुरी वादन के माध्यम से गांधी जी के प्रिय भजन ‘‘रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीता राम’’ की प्रस्तुति दी। जिलाधिकारी ने राष्ट्रगान प्रस्तुत करने वाली सिटी माण्टेसरी स्कूल की छात्राओं को मिठाई एवं वाटर बोतल देकर सम्मानित किया। गांधी जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में संग्राम सेनानी आश्रितगण श्रीमती कबूतरी देवी, श्रीमती चन्द्रकान्ती, मो. तारिक बेग, राजू मिश्रा, आशाराम उपाध्याय, रमेश कुमार मिश्र, अरविन्द तिवारी एवं अनिल कुमार त्रिपाठी को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र भेंट किया गया। इसके अलावा कवियों एवं शायरों को भी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कलेक्ट्रेट कर्मी संदीप मिश्र ने किया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट एवं कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




