मतदाता सूची के सत्यापन को घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ एसडीएम मोनालिसा जौहरी
बहराइच ब्यूरो 08 अक्टूबर। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद मतदाता सूची को दुरुस्त और अद्यतन करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा

मतदाता सूची के सत्यापन को घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ
एसडीएम मोनालिसा जौहरी
बहराइच ब्यूरो 08 अक्टूबर। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद मतदाता सूची को दुरुस्त और अद्यतन करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को एसडीएम मिहींपुरवा एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मोनालिसा जौहरी ने बीएलओ और सुपरवाइजरों के साथ बैठक कर अभियान की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करें और वर्तमान सूची का पूर्व की निर्वाचक नामावलियों से मिलान कर ऐसे लोगों को चिन्हित करें, जिनका नाम पहले सूची में दर्ज था, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं है। ऐसे मतदाताओं की मौके पर जाकर जानकारी लेने के बाद पात्र पाए जाने पर फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाएगा। एसडीएम ने प्रत्येक बीएलओ को एक सप्ताह में कम से कम 20 से 25 मतदाताओं से संपर्क करने का लक्ष्य दिया। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को भी चिन्हित कर पहली बार मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाने के निर्देश दिए। सत्यापन के दौरान तैयार होने वाली तुलनात्मक सूची में चिन्हित मतदाताओं की वर्तमान स्थिति और फॉर्म-6 भरवाए गए लोगों का विवरण दर्ज किया जाएगा। यह सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों से भी साझा की जाएगी। एसडीएम ने रैन बसेरों, श्रमिक कॉलोनियों, आश्रयहीन लोगों तथा मुख्यधारा से अलग रह रहे पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची से जोड़ने के लिए बूथ स्तर पर विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। एसडीएम ने सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों को निर्धारित समयसीमा में पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ अभियान पूरा करने के निर्देश दिए।




