पीएचडी उपाधि प्राप्त करने पर अधिवक्ता संघ नानपारा ने डॉ. ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव को किया सम्मानित
सरस्वती के चित्र एवं माल्यार्पण के साथ हुआ सम्मान, अधिवक्ताओं ने दी शुभकामनाएं

पीएचडी उपाधि प्राप्त करने पर अधिवक्ता संघ नानपारा ने डॉ. ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव को किया सम्मानित
धनीराम यादव ब्यूरो/ संचालक उजाला हिंद न्यूज़ चैनल
सरस्वती के चित्र एवं माल्यार्पण के साथ हुआ सम्मान, अधिवक्ताओं ने दी शुभकामनाएं
**नानपारा, बहराइच।* अंग्रेजी साहित्य में पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर नानपारा क्षेत्र का गौरव बढ़ाने वाले डॉ० ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव एडवोकेट को अधिवक्ता संघ नानपारा की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनकी शैक्षणिक उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राम नरेश पाण्डेय एडवोकेट ने तथा संचालन मंत्री बंश गोपाल जायसवाल एडवोकेट ने किया
अधिवक्ता संघ नानपारा परिसर में आयोजित सम्मान कार्यक्रम के दौरान डॉ० ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया तथा उन्हें मां सरस्वती का चित्र भेंट किया गया। उपस्थित अधिवक्ताओं ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्राप्त यह सफलता अन्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को भी निरंतर अध्ययन, परिश्रम और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देगी।
अधिवक्ता संघ एल्डर कमेटी चेयरमैन रूप नारायण जायसवाल ने कहा कि डॉ० ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव ने अंग्रेजी साहित्य के क्षेत्र में शोध कार्य पूरा कर पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। विधि व्यवसाय से जुड़े होने के साथ-साथ उनकी साहित्यिक गतिविधियों में भी रुचि रही है। वे लेखन के माध्यम से साहित्य, समाज और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को अभिव्यक्त करते रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि शिक्षा, साहित्य और विधि के क्षेत्र में उनकी बहुआयामी रुचि को रेखांकित करती है।
सम्मान समारोह के दौरान अधिवक्ता जशवंत मिश्रा ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के ज्ञान और व्यक्तित्व को समृद्ध करने के साथ समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी को भी व्यापक बनाती है। विधि व्यवसाय के साथ उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करना परिश्रम, लगन और अध्ययनशीलता का परिचायक है। डॉ० श्रीवास्तव द्वारा अंग्रेजी के लुप्तप्राय शब्दों पर शोध करने एवं अंग्रेजी काव्य की सॉनेटविधा पर काव्य संग्रह लिखने पर उन्हें डॉक्टरेट उपलब्धि प्राप्त करना अधिवक्ता समाज के लिए गौरव की बात है।
पूर्व अध्यक्ष चतुर्भुज सहाय ने शुभकामनायें देते हुए आशा व्यक्त की कि डॉ० श्रीवास्तव भविष्य में भी विधि, साहित्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में अपना योगदान देते रहेंगे।
इस अवसर पर डॉ० ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव ने अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों एवं सभी अधिवक्ता साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रसन्नता के साथ-साथ भविष्य में और अधिक जिम्मेदारी से कार्य करने की प्रेरणा भी है। बहुत जल्द अंग्रेजी उपन्यास द येल्लो पेटल्स, मोटिवेशनल पुस्तक द ऐसेन्स ऑफ़ ए टू ज़ेड और अंग्रेजी काव्यसंग्रह ऐन अनफिनिश्ड स्टोरी पढ़ने के लिए उपलब्ध होगी।
अधिवक्ता संघ की ओर से किया गया यह सम्मान समारोह शैक्षणिक उपलब्धियों के प्रति सम्मान और समाज में ज्ञान, शोध एवं साहित्यिक योगदान को प्रोत्साहित करने का संदेश देता है। इस दौरान अधिवक्ता संघ अध्यक्ष राम नरेश पाण्डेय, मंत्री बंश गोपाल जायसवाल, कोषाध्यक्ष राहत अली सहित जगदम्बा प्रसाद श्रीवास्तव, सुंदरलाल आर्य, रहमत अली हाशमी, नंदलाल जायसवाल, नीलेश श्रीवास्तव, धीरेन्द्र सिंह सेंगर, निर्मल श्रीवास्तव, वेद प्रकाश, जयदीश श्रीवास्तव, अर्जुन, सुएब, तुषार, फैजान आदि तमाम अधिवक्तागण मौजूद रहे।




