गिलौला CHC में DM का औचक निरीक्षण, अस्पताल में मचा हड़कंप
देर शाम अचानक पहुंचीं जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, मरीजों की सुविधाओं से लेकर स्टाफ की हाजिरी तक खंगाली

गिलौला CHC में DM का औचक निरीक्षण, अस्पताल में मचा हड़कंप
देर शाम अचानक पहुंचीं जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, मरीजों की सुविधाओं से लेकर स्टाफ की हाजिरी तक खंगाली
श्रावस्ती:- देर शाम अचानक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला पहुंचीं जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग को देखकर अस्पताल में हड़कंप मच गया। डीएम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत परखी।
औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी मरीज पंजिका, प्रसव कक्ष, एनबीएसयू वार्ड समेत विभिन्न व्यवस्थाओं को देखा और अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल में मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खासकर प्रसव कक्ष और जच्चा-बच्चा वार्ड में भर्ती मरीजों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा।
पंजिकाएं खंगालीं, स्टाफ की उपस्थिति भी देखी
डीएम ने भर्ती गर्भवती महिलाओं की पंजिका के साथ चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका और भुगतान से संबंधित अभिलेखों का भी बारीकी से निरीक्षण किया। मौके पर दो स्टाफ नर्स और एक चिकित्सक उपस्थित मिले।
जिलाधिकारी ने साफ कहा कि अस्पताल में तैनात डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ अपनी तैनाती स्थल पर रहकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दें। सरकार की ओर से मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाएं प्रत्येक पात्र मरीज तक पारदर्शी ढंग से पहुंचनी चाहिए।
ड्यूटी से गायब मिले तो होगी कड़ी कार्रवाई
डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने स्वास्थ्यकर्मियों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार किया जाए और अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं हर हाल में दुरुस्त रखी जाएं। यदि कोई चिकित्सक या पैरामेडिकल कर्मी अपने तैनाती स्थल से नदारद पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी इकौना रवेंद्र कुमार, सीएचसी अधीक्षक डा. अवनीश कुमार तिवारी समेत अस्पताल के चिकित्सक एवं पैरामेडिकल कर्मचारी मौजूद रहे।




