पुलिस उपनिरीक्षक के बैंक खाते से साइबर ठगों ने उड़ाए 6.92 लाख रुपये
मिहींपुरवा बहराइच ब्यूरो 22 अगस्त। थाना मोतीपुर क्षेत्र में साइबर अपराध का मामला सामने आया है

पुलिस उपनिरीक्षक के बैंक खाते से साइबर ठगों ने उड़ाए 6.92 लाख रुपये
मिहींपुरवा बहराइच ब्यूरो 22 अगस्त। थाना मोतीपुर क्षेत्र में साइबर अपराध का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने थाना मोतीपुर में तैनात उपनिरीक्षक संजीत कुमार सिंह के मोबाइल नंबर को कथित रूप से हैक कर उनके बैंक खाते से बिना ओटीपी बताए ही कुल 11 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से 6 लाख 92 हजार 550 रुपये निकाल लिए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को शाम करीब 6:59 बजे से 7:33 बजे के बीच उपनिरीक्षक के मोबाइल फोन में साइबर फ्रॉड के जरिए करीब सात ऐप डाउनलोड किए गए। इनमें जोमैटो, पराग डेयरी मिल्क, ओजीवा समेत अन्य ऐप शामिल बताए गए हैं। आरोप है कि इन ऐप के माध्यम से मोबाइल पर मैसेज भेजे गए और मोबाइल नंबर से लिंक बैंक खाते से रकम कटनी शुरू हो गई। साइबर ठगों ने खाते से 49,500 रुपये, 29,850 रुपये, 10,000 रुपये, 9,900 रुपये, 1 लाख रुपये, 1 लाख रुपये, 1 लाख रुपये, 1 लाख रुपये, 72,200 रुपये, 70,000 रुपये तथा 51,100 रुपये के कुल 11 ट्रांजेक्शन किए। इस तरह खाते से कुल 6,92,550 रुपये की धनराशि निकाल ली गई। मामले में उपनिरीक्षक की तहरीर के आधार पर थाना मोतीपुर में मु0अ0सं0 363/2026, धारा 318(4), 319(2) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक थाना मोतीपुर द्वारा की जा रही है। पुलिस के अनुसार विवेचना प्रचलित है तथा साइबर ठगी से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।




