यातायात पुलिस के चेकिंग अभियान में 232 वाहनों के चालान, 3.31 लाख रुपये जुर्माना
बहराइच ब्यूरो 29 अगस्त। सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

यातायात पुलिस के चेकिंग अभियान में 232 वाहनों के चालान, 3.31 लाख रुपये जुर्माना
बहराइच ब्यूरो 29 अगस्त।
सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री आयुष विक्रम सिंह एवं क्षेत्राधिकारी यातायात श्री राज सिंह के कुशल नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक यातायात रामप्रकाश द्वारा यातायात टीम के साथ 28 अगस्त को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बस, चार पहिया, तीन पहिया एवं दो पहिया वाहनों की गहन जांच की गई। यातायात पुलिस एवं नागरिक पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के तहत कुल 232 वाहनों के चालान किए गए तथा 3,31,500 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। चेकिंग के दौरान दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर यात्रा करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 16 चालान तथा तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध 56 चालान किए गए। इसके साथ ही हाईवे पर खड़े वाहनों को हटवाते हुए ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया। पुलिस अधिकारियों ने अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाएं और वाहन को निर्धारित गति सीमा में ही संचालित करें। यातायात पुलिस ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




