उत्थान आडिटोरियम में आयोजित हुआ विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
बहराइच ब्यूरो 14 अगस्त। भारत-पाक बंटवारे की भयावह त्रासदी में अपने प्राणों की आहूति देने वाले नागरिकों के सम्मान तथा भयावह त्रासदी का दंश झेलने वाले परिवारों को ढ़ाढस बंधाने के उद्देश्य से शासन के निर्देश पर जनपद में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन किया गया।

उत्थान आडिटोरियम में आयोजित हुआ विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
सम्मानित किये गये विस्थापित परिवारों के सदस्य
बहराइच ब्यूरो 14 अगस्त। भारत-पाक बंटवारे की भयावह त्रासदी में अपने प्राणों की आहूति देने वाले नागरिकों के सम्मान तथा भयावह त्रासदी का दंश झेलने वाले परिवारों को ढ़ाढस बंधाने के उद्देश्य से शासन के निर्देश पर जनपद में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम कलेक्ट्रेट परिसर से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई जो शहीद पार्क होते हुए कपूरथला परिसर स्थित उत्थान आडिटोरियम में सम्पन्न हुई।
तत्पश्चात मुख्य अतिथि मा. सभापति, याचिका समिति, विधान परिषद्, उत्तर प्रदेश श्री अशोक अग्रवाल ने सांसद बहराइच डॉ. आनन्द गोंड, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, भाजपा महामंत्री रणविजय सिंह, संचित सिंह व अन्य अतिथियों के साथ विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर आडिटोरियम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम का फीता काटकर शुभारम्भ किया। कार्यक्रम के दौरान विस्थापित परिवारों के सदस्यों सुशील कुमार भल्ला, हरवीर कौर, योगेश कुमार अरोड़ा, धर्मवीर सिंह, जसवीर सिंह व शशि मल्होत्रा को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभाजन की विभीषिका पर आधारित चित्र प्रदर्शनी लगायी गयी तथा डाक्यूमेन्ट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। चित्र प्रदर्शनी का मुख्य अतिथि सहित कार्यक्रम में आये हुए अतिथियों द्वारा अवलोकन भी किया गया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि मा. सभापति श्री अग्रवाल, सांसद बहराइच डॉ. आनन्द गोंड सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि मा. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी व मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रेरणा से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि यह आयोजन जहां विभाजन की त्रासदी से पीड़ित परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक माध्यम है। ऐसे आयोजन से एकता अखण्डता व आपसी भाईचारा एवं सौहार्द की भावना बलवती होती है। विभाजन के दर्द को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता है। विभाजन की त्रासदी में प्राण गवाने वाले हज़ारों नागरिकों का नमन करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति भी अपनी सद्भावना व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि मा. प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सबका साथ सबका विकास के संकल्प के साथ अनेकों कल्याणकारी योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं। जिसके परिणाम स्वरूप एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प के साथ देश तेज़ी के साथ विकास के पथ पर अग्रसर है।
इससे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के आयोजन के उद्देशों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम में आये हुए अतिथियों का स्वागत कर धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन डिम्पल जैन ने किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ वंदेमातरम तथा समापन राष्ट्रगान के गायन से किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, डीडीओ राज कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी मनीष श्रीवास्तव, जिला सूचना अधिकारी विमलेश कुमार व अन्य अधिकारी, क्षेत्र पंचायत प्रमुखगण, गणमान्य व संभ्रान्तजन, विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के छात्र, मीडिया प्रतिनिधि व बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।




