गिलौला पुलिस ने 5 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को दबोचा, महिंद्रा मैक्स व मोबाइल बरामद
श्रावस्ती। जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गिलौला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक महिंद्रा मैक्स वाहन, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 800 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

गिलौला पुलिस ने 5 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को दबोचा, महिंद्रा मैक्स व मोबाइल बरामद
संवाददाता अहमद हुसैन की रिपोर्ट
श्रावस्ती। जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गिलौला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक महिंद्रा मैक्स वाहन, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 800 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह और क्षेत्राधिकारी इकौना के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष आशीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक महिंद्रा मैक्स वाहन में गांजा लेकर दो व्यक्ति इकौना की ओर से बहराइच जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने खुटेहना मोड़ पर वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस ने पीछा कर गिलौला बाईपास नहर पुल के पास वाहन को घेरकर रोक लिया।
तलाशी के दौरान वाहन से पांच पैकेटों में कुल पांच किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। मौके से बाबू गुप्ता निवासी धनकुट्टीपुरवा, थाना नगर कोतवाली, जनपद बहराइच तथा रामसुहावन उर्फ ननकेश निवासी लोधनपुरवा, थाना गिलौला को गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 800 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से एक अज्ञात व्यक्ति के संपर्क में रहकर उसके निर्देश पर गांजे की तस्करी करते थे। पुलिस संबंधित मोबाइल नंबरों के आधार पर नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
गिलौला थाने में दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।