
आंधी का कहर: गरीब का उजड़ा आशियाना, भरभराकर गिरा कच्चा मकान — बाल-बाल बचे परिजन
नवाबगंज/बहराइच। नवाबगंज क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत नौबस्ता गांव में तेज आंधी के चलते एक गरीब परिवार का कच्चा आशियाना उजड़ गया। तेज हवाओं का झोंका इतना जबरदस्त था कि मिट्टी से बना कच्चा मकान अचानक भरभराकर धराशायी हो गया।
बताया जा रहा है कि नौबस्ता निवासी *हरीफून निशा पत्नी सुबराती* अपने परिवार के साथ इसी कच्चे मकान में रह रही थीं। मकान गिरने के समय घर के परिजन घर में ही मौजूद थे। गनीमत रही कि हादसे में परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अचानक मकान गिरने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। कच्चा मकान गिरने से हरीफून निशा के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। परिवार के घरेलू सामान को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
हादसे के बाद पीड़ित *हरीफून निशा ने प्रशासन से मदद और आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।* ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर पीड़ित परिवार को आवास एवं उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन गरीब परिवार के सिर से छत छिन जाने के बाद उसके सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है।
बहराइच से संवाददाता अहमद हुसैन की रिपोर्ट
उजाला हिंद न्यूज़ चैनल




