कुर्सी से उतरकर दिव्यांग करन के पास पहुंचे डीएम, सुनी फरियाद
बहराइच ब्यूरो 03 अक्टूबर। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील पयागपुर में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया।

कुर्सी से उतरकर दिव्यांग करन के पास पहुंचे डीएम, सुनी फरियाद
बहराइच ब्यूरो 03 अक्टूबर। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील पयागपुर में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार, एसडीएम पयागपुर संजय कुमार पाण्डेय, पीडी डीआरडीए मनीष कुमार सहित अन्य अधिकारियों के साथ फरियादियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान ग्राम असैला निवासी दिव्यांग करन को देखते ही जिलाधिकारी अपनी कुर्सी से उतरकर उसके पास पहुंचे और उसकी समस्या सुनने के साथ कुशलक्षेम भी पूछा। डीएम ने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि दिव्यांग करन का सर्वे कराकर उसे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के साथ ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकांश शिकायतें आंधी-पानी के दौरान खेतों में पेड़ गिरने, फसलों को नुकसान, विद्युत आपूर्ति बाधित होने तथा सड़कों के क्षतिग्रस्त होने से संबंधित प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर पहुंचकर ऐसे मामलों का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग, विद्युत, कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों को आंधी-पानी से हुई फसलों की क्षति, बाधित विद्युत आपूर्ति एवं क्षतिग्रस्त सड़कों का सर्वे कराकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभावित लोगों को पात्रता के अनुसार अनुदान उपलब्ध कराने की कार्रवाई जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराने तथा पूरे मामले की डे-बाई-डे मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए गए। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना-पत्र का संवेदनशीलता के साथ गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि फरियादियों को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से इधर-उधर न भटकना पड़े। उन्होंने कहा कि गरीब एवं पीड़ित व्यक्तियों को तत्काल न्याय दिलाने के साथ पात्र लाभार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कराया जाए। इस अवसर पर तहसील बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी जिलाधिकारी से शिष्टाचार भेंट की। सम्पूर्ण समाधान दिवस में तहसील पयागपुर में कुल 152 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 18 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील सदर बहराइच में 27 में से 02, मिहींपुरवा (मोतीपुर) में 18 में से 02, नानपारा में 34 में से 03, कैसरगंज में 72 में से 08 तथा महसी में 52 प्रार्थना-पत्रों में से 04 का मौके पर निस्तारण किया गया। इस अवसर पर डीपीआरओ चन्द्रभान सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी नरेन्द्र तिवारी, जिला कृषि अधिकारी सूबेदार यादव, जिला गन्ना अधिकारी आनन्द शुक्ला, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश कुमार उपाध्याय, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष सहित तहसीलदार, बीडीओ, बीईओ, सीडीपीओ, थानाध्यक्ष एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




